अंबिकापुर। स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एल. मिश्रा एवं कविता बंसल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी सुनीता दास सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से नागरिकों को साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा खुले में शौच मुक्ति का संदेश दिया गया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हुए महामाया मंदिर परिसर पहुंची, यहां सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता शपथ लेकर समाज को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।
रैली के समापन उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने ऑक्सीजन पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान नगर पालिका निगम के कर्मचारी, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एम. सिद्दीकी, स्काउट संगठन से योगेश विश्वकर्मा उपस्थित रहे। उद्बोधन में प्राचार्य एल. मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। युवा स्वयंसेवक इस दिशा में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम अधिकारी सुनीता दास ने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी वातावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों, आचरण और व्यवहार में भी स्वच्छता का भाव होना आवश्यक है। स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता अभियान को लगातार आगे बढ़ाते रहेंगे और हर नागरिक को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास करेंगे।

Spread the love