अंबिकापुर। थाना धौरपुर पुलिस टीम ने हत्या का प्रयास करने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो रास्ता छेकवाने की बात कहकर गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट की घटना को अंजाम दिए थे। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा पुलिस ने जप्त किया है।
जानकारी के मुताबिक मोहन तिर्की पिता पनिका तिकी 35 निवासी ग्राम रघुपुर ने 3 सितम्बर को थाना धौरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अपने बाड़ी में था, इस दौरान राधेश्याम का लड़का दयाशंकर ट्रैक्टर लेकर गटीकोना की ओर से आ रहा था, तभी शिवशंकर यादव का लड़का गणेश यादव बोला कि तुम लोग रास्ता पार होने नहीं देते हो, मैं भी पार नहीं होने दूंगा। इसी बीच गांव के पंच कृष्णा सिंह व राजेश कुजूर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे, और मौके पर विवाद शांत हो गया। बातचीत शांत होने के बाद कृष्णा व राजेश नदी तरफ चले गए। बाद में कृष्णा व राजेश को नाला तरफ से आते देखकर आरोपी राधेश्याम यादव, विजय शंकर यादव, दयाशंकर यादव, श्रवण यादव, कपिल व सुदर्शन एकराय होकर इनसे गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की नियत से डंडा से प्राणघातक हमला कृष्णा व राजेश पर कर दिया। हल्ला सुनकर मोहन तिर्की पहुंचा और बीच-बचाव का प्रयास किया, तो उसके साथ भी डण्डा से मारपीट करने लगे। रिपोर्ट पर थाना धौरपुर में धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1), 119(2), 119(3), 109(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। विवेचना दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों राधेश्यान यादव पिता सुन्दरू यादव 55 वर्ष, दयाशंकर यादव पिता राधेश्याम यादव 27 वर्ष, श्रवण यादव पिता सीताराम यादव 30 वर्ष, कपिल देव पिता मंगलू कोलता 55 वर्ष, सुदर्शन बारिक उर्फ मोटू पिता कपिल देव 27 वर्ष, सभी निवासी ग्राम रघुपर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी धौरपुर उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक रामधनी राम, आरक्षक सुशील मिंज, दिलेश्वर चन्द, दिनेश भगत, प्रदीप बखला, श्याम कुमार सक्रिय रहे।

Spread the love