अंबिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गिरहुलडीह खजूरपारा में रिश्तेदार ने मारपीट करते हुए ब्लेड से हमला कर दिया। असंती श्रीवास ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसके मामा का लड़का नकुल श्रीवास पिता काशीनाथ निवासी ग्राम देवरी पोसकोटोली, थाना दोकड़ा जिला जशपुर अपने ससुराल गिरहुलडीह खजूरपारा आया था, जो 18 मई की शाम को उनके घर में रूका था। सभी लोग घर के परछी में बैठे थे, वहीं पर नकुल श्रीवास भी बैठा था। रात लगभग 10 बजे खुशबू, पुष्पा श्रीवास, मां प्रतिमा श्रीवास के साथ वह सोने के लिए रूम में जा रही थी, तभी नकुल श्रीवास बोला कि मेरे को छोड़कर कहां जा रहे हो। जब उन्होंने बाहर जाने की बात कही तो नकुल श्रीवास आक्रोशित होकर गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देकर खुशबू को पटक दिया। नकुल मारपीट करते हुए अपने पास रखे ब्लेड को असंती के बाएं हाथ में चला दिया, जिससे खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने आए भाई अजय श्रीवास, उमा प्रसाद, प्रतिमा श्रीवास एवं शंकर श्रीवास के हाथ में भी ब्लेड से वार कर दिया, जिसमें सभी जख्मी हो गए। अजय श्रीवास के सिर, गर्दन में चोट आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।

Spread the love