अंबिकापुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंवरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से 30 अप्रैल को शाम 6 बजे से 15 मई को दोपहर 1 बजे के बीच 10.74 क्विंटल चना एवं 5 क्विंटल चावल अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया।
शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालक इस्तेयाक अली पिता स्व. मुबारक अली निवासी लखनपुर ने पुलिस को बताया है कि अप्रैल माह का चावल, शक्कर, नमक, मार्च माह में उचित मूल्य दुकान में आया था। बाद में अप्रैल माह का चना 10.74 क्विंटल, 21 बोरी, 27 अप्रैल को आया। अप्रैल का चावल, शक्कर, नमक 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक वितरण किया गया। चना बाद में आने के कारण वितरण नहीं किया गया था। इसके बाद शेष 10.74 क्विंटल चना और बचत चावल 128 क्विंटल 94 किलो भी उचित मूल्य दुकान केवरा में ही था। 15 मई को जून माह का चावल, नमक, चना और शक्कर आया, जिसे रखवाने के लिए वह उचित मूल्य दुकान केवरा गया, तो शटर का ताला गायब था। अंदर गोदाम के दरवाजे का गुलावा टूटा हुआ था। चावल, नमक, चना और शक्कर का मिलान करने पर बचत चना 10.74 क्विंटल एवं चावल 5 क्विंटल, कीमत 10 हजार 220 रुपये अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Spread the love