अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध प्रवासियों के पहचान हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया है और इनके आधार कार्ड सहित अन्य पहचान पत्र, दस्तावेजों को चेक कर रही है। इसी क्रम में न्यू बस स्टैंड स्थित अटल आवास में पुलिस की 3 टीम के द्वारा 100 से अधिक मकानों में रहने वालों से पूछताछ की गई। यह अभियान जिले के सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में चलाया जाएगा। अभी तक की जांच में ऐसा कोई अवैध प्रवासी पुलिस को नहीं मिला है।
सरगुजा जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निचली बस्तियों, किराएदारों एवं अंदरूनी कॉलोनी में निवास कर रहे लोगों के बीच जाकर सघन जांच कार्रवाई करने और अवैध प्रवासियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसंगत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस की 03 अलग-अलग टीम ने न्यू बस स्टैंड स्थित अटल आवास में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत लगभग 30 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के द्वारा अटल आवास में घर-घर दस्तक देकर यहां रहने वाले करीब 400 लोगों के पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड की जांच की। इनका सत्यापन करने के बाद पुलिस ने इलाके में बाहरी व्यक्तियों के निवास करने की सूचना तत्काल पुलिस को देने की हिदायत दी। जांच दौरान फिलहाल कोई भी संदिग्ध या अवैध प्रवासी नहीं मिला। अवैध प्रवासियों की पहचान हेतु सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना, चौकी प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन करने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षकों में विनय सिंह, अभिषेक दुबे, संदीप सिंह, प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा व सतीश उपाध्याय, महिला आरक्षक पूनम, अमरावती, आरक्षक अमरेश सिंह, सुशांत यादव, एहसान फिरदौसी सक्रिय रहे।

Spread the love