अंबिकापुर। सनातन प्रवाह समिति द्वारा शहर के आइडियल मैरिज हाल में भारत माता की आरती के भव्य कार्यक्रम का आयोजन धर्म जागरण मंच के प्रांत प्रमुख राजकुमार चंद्रा के मुख्य आतिथ्य में किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, सेवा भारती प्रांत प्रमुख तुलसी दास, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, अखिलेश सोनी तथा नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी विशिष्ट आतिथ्य रहे।
कार्यक्रम गायिका हिमांगी त्रिपाठी के वंदे मातरम गीत के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम में वाराणसी से विशेष रूप से पधारे नर्तक दल रंजीत चटर्जी तथा भूमि साहू के द्वारा शिव तांडव व राधा कृष्ण रास लीला पर सुन्दर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। गायक कलाकार गोपाल पांडे के द्वारा देशभक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियों के साथ वरिष्ठ साहित्यकार विनोद हर्ष, रंजीत सारथी, डॉ. योगेन्द्र सिंह गहरवार तथा कवि संतोष सरल ने अपनी कविताओं व गीतों से शमां बांधा। कार्यक्रम के दौरान समाज के पिछड़े वंचित परिवारों का सम्मान भी किया गया। अंत में भारत माता की भव्य आरती का सामूहिक गायन हुआ, जिससे पूरा कार्यक्रम स्थल भारत माता की जय के जयकारों से गूंज उठा। प्रमुख वक्ता राजकुमार चंद्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा हमारा सौभाग्य है कि हमें इस पुण्य भारत भूमि में जन्म लेने का अवसर मिला। भारत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं है, देवता भी यहां आने को तरसते हैं। सांस्कृतिक, वैचारिक, आध्यात्मिक व रमणीय भूमि भारत ही है। उन्होंने कहा कि आज देश में हमारी सेनाओं ने पाकिस्तान जैसे आतंकवादी देश को सबक सिखाकर भारत माता का अभिमान बढ़ाया है। हमारे देश की सेना को कोटि-कोटि नमन है। कार्यक्रम का संचालन संतोष सरल व आभार प्रदर्शन कार्यक्रम के सह-संयोजक विजय साहनी ने किया। इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी, पार्षद आलोक दुबे व प्रियंका गुप्ता, अजय मिश्रा, नरेंद्र सिन्हा, जन्मेजय मिश्रा, अनुज दुबे, अर्चना पाठक, माधुरी जायसवाल, मनोज कंसारी, विशाल सिंह देव, यश सिंह तथा संजय बख्शी सहित नगर के गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।
