सर्व नाई सेन ने छात्र का हौसला बढ़ाया, प्रदेश उपाध्यक्ष ने दी 21 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा में कक्षा 12वीं में पूरे प्रदेश में अव्वल आने वाले कांकेर के धनेली कन्हार निवासी छात्र अखिल सेन को उनकी व्यक्तिगत सफलता और परिवार का नाम रोशन करने के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बधाई दी है।
मोबाईल पर हुई चर्चा में उन्होंने मेधावी छात्र को आगामी शिक्षा के लिए हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है। सर्व नाई सेन समाज, छत्तीसगढ़ ने समाज के इस मेधावी छात्र की उपलब्धि पर खुशी जाहिर किया है। शुक्रवार को सर्व नाई सेन समाज के प्रतिनिधियों ने अखिल सेन के घर जाकर उससे एवं उसके पिता भेदन लाल सेन एवं मां सेवती सेन से मुलाकात करके उन्हें बधाई दी। समाज ने परिवार को आश्वस्त किया है कि आगे की पढ़ाई के लिए समाज हर तरह से जिम्मेदारी उठाएगा। सर्व नाई सेन समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश ठाकुर ने 21 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मेधावी छात्र को दिया। इस दौरान सर्व नाई सेन समाज के प्रदेशाध्यक्ष पुनीत राम सेन, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ की ख्यातिप्राप्त लोक कलाकार मोना सेन एवं समाज के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।  

Spread the love