अंबिकापुर। नगर के फल व्यवसायियों द्वारा स्ववित्तपोषित आधार पर खरीदी गई निजी भूमि पर थोक फल मंडी के निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह का आयोजन गुरूवार को गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एवं नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी उपस्थित रहे।
भूमिपूजन पश्चात अपने संबोधन में विधायक राजेश अग्रवाल ने सभी व्यापारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल न केवल आत्मनिर्भरता का उदाहरण है बल्कि सामूहिक सहयोग की मिसाल भी है। थोक फल मंडी के लिए व्यापारियों द्वारा खुद की भूमि पर निर्माण का निर्णय सराहनीय है। इस परिसर के विकास हेतु सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रशासन स्तर पर हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। मंडी व्यापारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता निश्चित ही अंबिकापुर के व्यापारिक ढांचे को सुदृढ़ बनाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने मंडी व्यापारियों की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि निजी व्यय पर दुकान निर्माण कर व्यापारियों ने न केवल आत्मनिर्भरता दिखाई है, बल्कि शहर के यातायात प्रबंधन में भी योगदान देने जा रहे हैं। मंडी शहर के किनारे बनने से भीड़-भाड़ कम होगी और व्यवस्थित व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। यह कदम अनुकरणीय है और अन्य व्यापारिक संगठनों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि थोक फल मंडी के सदस्यों का संगठित रूप में प्रारंभ कार्य शहर के व्यापारिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। जैसे फल मंडी का निर्माण हो रहा है, उसी तरह सब्जी मंडी के विकास की भी आवश्यकता है, इस दिशा में सब्जी मंडी अध्यक्ष से सहयोग की अपेक्षा है। नगर निगम की ओर से मंडी विकास में हर संभव मदद दी जाएगी। कार्यक्रम का संचालन थोक फल मंडी के सचिव अजय सोनी ने एवं आभार प्रदर्शन मंडी अध्यक्ष संतोष सोनकर ने किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पार्षद शशिकांत जायसवाल, शिवमंगल सिंह, सरपंच अमरीका पैकरा, शकुंतला पांडे, इंदर भगत, मंडी के पूर्व अध्यक्ष मुंद्रिका प्रसाद सोनी, सर्वेश तिवारी, गुड्डू गुप्ता, महासचिव जितेंद्र गुप्ता सहित अन्य व्यापारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love