लाठीचार्ज के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों सहित दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़
घटना से स्वास्थ्य कर्मियों और स्वजन आक्रोशित, सवालों के घेरे में पुलिस
बलरामपुर। सिटी कोतवाली बलरामपुर के शौचालय में ग्राम संतोषीनगर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्य करने वाले चतुर्थ वर्ग के कर्मचारी गुरु चंद मंडल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मामला सामने आने के बाद लोग आक्रोशित हो गए। थाने को तहसनहस कर दिया। पुलिस के द्वारा किए गए लाठीचार्ज के बाद स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस, एसडीएम की वाहनों के अलावा अन्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई। हालात बेकाबूू देखकर पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला, अश्रु गैस के गोले दागे। पुलिस व प्रशासन की टीम फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में लगी है। इधर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा निर्देशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 196(2) के तहत प्रकरण की न्यायिक जांच करने सूचित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन बलरामपुर में कार्यरत चतुर्थ वर्ग कर्मचारी गुरु चंद मंडल की पत्नी 15-20 दिनों से गायब थी। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी सिलसिले में लगातार गुरु चंद मंडल को थाने में पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि बीते तीन दिनों से सुबह 6 बजे से लेकर देर शाम तक उसे थाने में ही बैठाकर रखा जाता था, इसे लेकर वह काफी तनाव में था। इसी क्रम में गुरूवार को दोपहर 3 से 3.30 बजे के बीच गुरु चंद मंडल, थाने के बाथरूम में अपने ही गमछा के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई, इसके बाद डीपीएम स्मृति एक्का सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी एवं नगर वासी थाने में जमा होने लगे। देर शाम थाने के सामने ही स्वास्थ्य कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने चक्काजाम कर दिया। डीपीएम स्मृति एक्का ने कहा कि संदिग्ध परिस्थितियों में विभाग के कर्मचारी की मौत हुई है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इधर पुलिस के द्वारा एकत्र भीड़ के आक्रोश को दबाने के लिए जिस प्रकार लाठी वार किया गया, इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।
भाजपा व कांग्रेस के नेता भी पहुंचे थाने
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा बलरामपुर के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजू सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता भी थाना पहुंच गए। घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए इनके द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। सवाल यह उठ रहा है कि चौकीदार ने किन परिस्थितियों में ऐसा कदम उठाया। तीन दिनों से उसे थाने में किस मकसद से बुलाकर सुबह से शाम तक बैठाया जा रहा था।
मीडिया से बच रही पुलिस
कोतवाली थाना में इतनी बड़ी घटना होने के बाद मीडिया को किसी भी प्रकार की जानकारी देने से पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारी बच रहे हैं। मौके पर पुलिस विभाग के कई जिम्मेदार अधिकारी पहुंच चुके हैं, लेकिन इनके द्वारा समाचार लिखने तक किसी प्रकार का संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया है। इधर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि मामला केवल खुदकुशी का नहीं है, इसकी गहन जांच जरूरी है।
बाक्स
न्यायिक जांच के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित कुमार गर्ग ने बताया है कि थाना बलरामपुर में गुरुचंद मंडल पिता शांतीराम मंडल 30 वर्ष, निवासी संतोषीनगर थाना बलरामपुर द्वारा रीना मंडल जो कि वर्तमान में लापता है, जिसकी थाना बलरामपुर में गुम इंसान क्रमांक 42/2024 दर्ज है। उक्त मामले में गुरुचंद मंडल को पूछताछ हेतु थाना बुलाया गया था। 24.10.2024 को गुरुचंद्र मंडल थाना बलरामपुर में आया था। जो दिन में करीब 03.05 बजे थाने के बाथरूम में अपने गमछा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। मृत्यु पुलिस थाना में हुई है। अत: उक्त के संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा निर्देशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 196(2) के तहत प्रकरण में शव पंचनामा एवं न्यायिक जांच हेतु जिला एवं सत्र न्यायाधीश को नियुक्त करने हेतु सूचित किया गया है।

Spread the love