वन विभाग की टीम ने एक सप्ताह के अंदर तीसरी बार जप्त किया वाहन
उदयपुर। वन अमले ने उदयपुर सर्किल अंतर्गत डांडगांव में 7 नग लकड़ी के कीमती चिरान का अवैध परिवहन करते एक वाहन को घेराबंदी करके जप्त किया है। लकड़ी तस्कर रात का फायदा उठाकर वाहन को लावारिस हाल में छोड़कर भाग गए।
जानकारी के मुताबिक वन परिक्षेत्र उदयपुर के डांड़गांव सर्किल प्रभारी को मंगलवार की रात 8 बजे सूचना मिली थी कि टाटा मैक्समो वाहन क्रमांक सीजी 15 एडी 0824 में लकड़ी का अवैध चिरान तस्करी किया जा रहा है। वन परिक्षेत्र उदयपुर की टीम ने दौलतपुर रोड पर वाहन को कब्जे में लेने के लिए प्वाइंट लगाया और घेराबंदी करके वाहन के आने की प्रतीक्षा कर रही थी। तस्करों को वन अमले के द्वारा की गई घेराबंदी का आभास हुआ और रात का फायदा उठाकर वे लकड़ी के साथ गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। बता दें कि वन विभाग उदयपुर के द्वारा एक सप्ताह के अंदर रेंज के भीतर अलग-अलग जगहों में तीन वाहनों को चिरान के साथ जप्त किया है, इसके बावजूद लकड़ी तस्करी का सिलसिला नहीं थमा है। कार्रवाई दौरान प्रमुख रूप से वनपाल अशोक कुमार सिंह, चंद्रभान सिंह, विष्णु सिंह, अमरनाथ राजवाड़े, शाहिद कपूर सहित अन्य शामिल रहे।

Spread the love