मोटरसाइकिल में एक व्यक्ति के साथ जाते सीसीटीवी में नजर आई महिला
अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक महिला बंदी जन्म लिए अपने बच्चे को लेकर फरार हो गई। विचाराधीन महिला बंदी को स्थानीय केंद्रीय जेल से प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 23 अगस्त को भर्ती कराया गया था। बच्चा कमजोर था और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, इसलिए डॉक्टरों ने उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया था। महिला बंदी की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीव्ही का फुटेज खंगाल रही है, जिसमें वह एक बाइक में सवार होकर जाते दिख रही है। मामले में लापरवाही बरतने पर जेल प्र्रबंधन ने महिला प्रहरी को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय जेल में निरूद्ध बंदी पूजा गुप्ता पति सुनिलधर गुप्ता 23 वर्ष मूलत: बलरामपुर जिला के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम आरागाही की रहने वाली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था, इसके बाद उसे केंद्रीय जेल के महिला बंदी गृह में रखा गया था। बंदी महिला पहले से गर्भवती थी, बीते 23 अगस्त को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर जेल चिकित्सक के सलाह पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गायनिक वार्ड में महिला प्रहरी की निगरानी में रखा गया था। यहां अगले दिन ऑपरेशन से महिला ने बच्चे को जन्म दिया। बच्चा काफी कमजोर था और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, इसे देखते हुए चिकित्सक की सलाह पर बच्चे को एसएनसीयू में भर्ती किया गया था। महिला को भी ऑपरेशन के बाद गायनिक वार्ड में भर्ती रखा गया था, जो जेल की महिला प्रहरियों के निगरानी में रहती थी। बच्चे की हालत सामान्य होने पर सोमवार की शाम को डॉक्टरों ने बच्चे को मां (महिला बंदी पूजा) को सौंप दिया था। इसके बाद वह रात में ड्यूटी पर मौजूद महिला प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गई। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आई तो सुरक्षा कर्मियों के होश उड़ गए। उन्होंने अपने स्तर पर महिला बंदी को तलाशा, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसकी जानकारी केंद्रीय जेल के अधीक्षक को दी गई। जेल प्रबंधन ने तत्काल शहर कोतवाली, मणिपुर, रामानुजगंज सहित संबंधित थाना को महिला बंदी के फरार होने की सूचना दी। समाचार लिखने तक महिला बंदी का पता नहीं चल पाया है।
फरवरी माह में गिरफ्तार की थी पुलिस
मेडिकल कॉलेज अस्पताल से अपने बच्चे को लेकर फरार हुई बंदी पूजा गुप्ता को एनडीपीएस के मामले में बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना की पुलिस ने 17 फरवरी 2024 को गिरफ्तार किया था, जो किराए के मकान कोईरी टोला रामानुजगंज में अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप बेच रही थी। महिला के पास 2000 एमएल कफ सिरप मिलने मिला था। मामले में पुलिस ने 21 सी एनडीपीएस एक्ट का मामला कायम किया था। बताया जा रहा है कि पुलिस अभिरक्षा में आने के दौरान वह गर्भवती थी। रामानुजगंज उपजेल से केंद्रीय जेल अंबिकापुर में शिफ्ट होने के बाद उसे आवश्यक उपचार, जांच सुविधा जेल चिकित्सक के मार्गदर्शन में उपलब्ध कराई जा रही थी। समय-समय पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के लिए लाया जाता था।
सीसीटीव्ही फुटेज में आई नजर
मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सोमवार की रात बच्चे के साथ भागी महिला बंदी पूजा गुप्ता की तलाश के लिए पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीव्ही कैमरों की जांच की है। इसमें देर रात 1.36 बजे महिला बंदी किसी व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल में नवजात को लेकर जाती महिला बंदी नजर आ रही है। पुलिस महिला बंदी की तलाश के लिए संभावित गंतव्य मार्गों के सीसीटीव्ही को भी देख रही है।
बयान
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती प्रसूता की देखरेख के लिए महिला प्रहरी को रखा गया था। देर रात बच्चे के साथ बंदी महिला के भागने की जानकारी मिली है। घटना में प्रथमतया महिला प्रहरी की लापरवाही सामने आने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
योगेश क्षत्री, अधीक्षक केंद्रीय जेल अंबिकापुर

Spread the love

You missed

कोई काम नहीं किया-अंबिकापुर। श्रमिक दिवस के अवसर पर गुरुवार 1 मई को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में श्रमिकों का सम्मान कर उन्हें उपहार दिया गया। इस दौरान देश की श्रम शक्ति के उत्थान में कांग्रेस के योगदान और जाति जनगणना की कांग्रेस की मांग पूरी होने से श्रमिक वर्ग के उत्थान पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल श्रमिकों से बात कर उनकी समस्याओं को भी जाना गया। श्रमिकों की ओर से सर्वाधिक प्रमुख मांग असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा के साथ ही पेंशन और बीमा की रही।आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि देश के श्रमिकों के हित में कांग्रेस ने देश में अनेक योजनाएं लागू की, जिससे संगठित और असंगठित सभी क्षेत्र के श्रमिकों को लाभ हुआ। विगत 11 वर्ष के कार्यकाल में मोदी सरकार श्रमिकों के हित में कोई कार्य नहीं कर पाई है। कांग्रेस के द्वारा लाई गई मनरेगा योजना को लगातार कमजोर किया जा रहा है। पूंजीपतियों के हित में मजदूरी में वाजिब इजाफा नहीं हो रहा है। सरकार की पूंजीवादी नीति के कारण श्रमिकों के साथ ही देश के नौकरी पेशा मध्यम वर्ग की कमर टूट रही है, जबकि पूंजीपतियों की आमदनी में दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने संसद में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि उनके मुहिम और दबाव में मोदी सरकार जातीय जनगणना कराने जा रही है। इसके आंकड़े आने पर सर्वाधिक फायदा श्रमिक वर्ग को होगा। पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि विगत 11 वर्ष के मोदीजी के कार्यकाल में श्रमिकों और कृषकों के हित की बात स्थगित हो गई है। आय की असमानता बढ़ी है। जातीय जनगणना की मांग पूरी होने पर उन्होंने राहुल गांधी का आभार जताया है। श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद ने सभा में मौजूद श्रमिकों को जानकारी दी कि कांग्रेस के कार्यकाल में किस प्रकार श्रमिकों के हित की योजनाएं बनाई गई और उन्हें लागू किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों को उन नियमों की जानकारी दी, जिससे श्रमिक कार्यस्थल की सुरक्षा के साथ ही भावी जीवन को भी सुरक्षित कर सकते हैं। कार्यक्रम को अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल,  हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, अरविंद सिंह गप्पू, दुर्गेश गुप्ता, अनिल सिंह, शफीक खान, रामविनय सिंह, मेराज गुड्डू, जे. कुजूर, लालचंद यादव, अनूप मेहता, अशफाक अली, जीवन यादव, आतिश शुक्ला, शिवप्रसाद अग्रहरि, दीपक मिश्रा, संजय सिंह, दिलीप धर, शकीला सिद्दीकी, अनिता सिन्हा, चंचला सांडिल्य, रूपा ताम्रकार, अंजू सिंह, ममता सिंह, विजय बेक, अनुराग नामदेव, आदर्श बंसल, दिवाकर दुबे, इश्तेयाक खान मौजूद थे।