अस्पताल परिसर में सुरक्षा और चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की पहल
अंबिकापुर। पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में सरगुजा पुलिस द्वारा चिकित्सालय परिसर की सुरक्षा एवं संस्थान में कार्यरत स्टाफ की जागरूकता हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसी क्रम में महिला थाना एवं गांधीनगर थाना पुलिस टीम ने होली क्रॉस अस्पताल में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारियों को विधिक अधिकारों सहित महिला संबंधी अपराध एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
चिकित्सालयों की सुरक्षा व यहां कार्यरत स्टाफ को आवश्यक विधिक जानकारियों से अवगत कराने, आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल द्वारा पुलिस टीम को विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में जाकर मेडिकल, नर्सिंग के छात्र-छात्राओं सहित महिला स्टाफ को जन जागरूकता शिविर एवं प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में महिला थाना एवं थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने होली क्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में जागरूकता शिविर सहित आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान महिला थाना पुलिस टीम द्वारा चिकित्सालय संस्थान में कार्यरत स्टाप को उनके वैधानिक अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान की गई। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज द्वारा चिकित्सालय संस्थान में कार्यरत स्टाफ कों नवीन कानून के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों से संबंंधित अपराधों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के प्रावधान किए गए हैं, साथ ही एक निश्चित समय सीमा में प्रकरण न्यायालय में प्रकरण पेश करने के प्रावधान किए गए हैं, जिससे दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ितों को समय पर न्याय मिलेगा। पुलिस टीम द्वारा वर्तमान में हो रहे महिला संबंधी अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यस्थल पर महिलाओं के संरक्षण अधिनियम के बारे में बताया गया। उप निरीक्षक रश्मि सिंह ने कार्यक्रम दौरान साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार पूर्वक बताया और अपनी गोपनीय जानकारी किसी अन्य को नहीं देने के साथ साथ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन दौरान सतर्कता बरतने कहा गया। सोशल मीडिया से पड़ने वाले दुष्प्रभाव सहित अनजान व्यक्तियों का मित्रता अनुरोध स्वीकार नही करने की समझाइश दी गई। ताइक्वांडो ट्रेनर राधेश्याम मानिकपुरी ने अपने सहयोगियों के साथ संस्थान में कार्यरत स्टाफ को सेफ्टी पंचेस का प्रदर्शन कर आत्मरक्षा हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान महिला थाना एवं थाना गांधीनगर के अधिकारी-कर्मचारी, हॉलीक्रॉस हॉस्पिटल से सिस्टर ममता टोप्पो एवं संस्थान में कार्यरत महिला स्टाफ काफी संख्या में उपस्थित रहे।
