मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों के साथ जमीन पर बैठकर पतरी और दोने में लिया भोजन का आनंद
अंबिकापुर । महारानी दुर्गावती जनजातीय गौरव का प्रतीक हैं। उनका देश प्रेम और संघर्ष हम सबको प्रेरणा से भर देता है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महारानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर राजमोहिनी देवी सभा भवन, अंबिकापुर में जनजाति गौरव समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर कही।

मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर महारानी दुर्गावती के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनजातीय गौरव की भावना को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महारानी दुर्गावती का भव्य स्मारक जबलपुर में तैयार कराया गया है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनजातीय समाज से हैं। उनका इस सर्वोच्च पद में आसीन होना जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने माँ महामाया को नमन करते हुए कहा कि रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के मौके पर जनजातीय गौरव समाज ने बहुत ही अच्छा कार्यक्रम किया है। मैं सौभाग्यशाली हूँ कि इस अवसर आपके बीच हूँ।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश की परंपरा नारियों के सम्मान की है। शास्त्रों में कहा गया है कि यत्र नार्यस्तु पूज्यंते, रमन्ते तत्र देवताः। जब भी हम अपने देवता का नाम पुकारते हैं उससे पहले माता का नाम पुकारते हैं। हम सीता राम कहते हैं। राधे श्याम कहते हैं, हमेशा माता सबसे पहले स्मरण में आती हैं। मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की बलिदानी परंपरा को भी इस अवसर पर स्मरण किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जनजातियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चाहें बिरसा मुंडा हों, या गुंडाधुर हो, वीरनारायण सिंह हो इन सब बलिदानी महापुरुषों के बलिदान से देश स्वाधीन हुआ। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार इस जनजातीय गौरव के योगदान को रेखांकित कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी और वंचित समुदाय के जो बच्चे ऊंची शिक्षा हासिल करना चाहते हैं उनके लिए भी अवसरों की कमी नहीं है। राज्य में 14 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित है, जहां रहकर हमारे बच्चे नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समुदाय के युवाओं को सपनों को आकार देने सरकार लगातार काम कर रही है। जो बच्चे कलेक्टर, एसपी बनना चाहते हैं और दिल्ली में रहकर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, उनके लिए नई दिल्ली में ट्रायबल यूथ हॉस्टल संचालित किया जा रहा है। पहले इस हॉस्टल में सीटों की संख्या 50 थी। हम लोग युवाओं से मिले और महसूस किया कि इसे बढ़ाने की जरूरत है। फिर हमने यहां की सीटें बढ़ाकर 185 कर दी हैं। इन बच्चों की कोचिंग के खर्च का जिम्मा सरकार उठायेगी। इसके अलावा उन्हें और भी बहुत सी सुविधाएं दी जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बच्चे पढ़-लिखकर अपने लिए जो भी क्षेत्र चुनेंगे, उन सभी क्षेत्रों में सरकार उन्हें मददगार के रूप में साथ खड़ी मिलेगी। हमारी सरकार बस्तर और सरगुजा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बस्तर में सुरक्षा कैंपों का विस्तार किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विकास की राह खुल गई है।

इस मौके पर अपने संबोधन में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि रानी दुर्गावती ने राम राज्य के आदर्श के आधार पर अपने राज्य का संचालन किया और अपने बलिदान से पूरे देश को प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम जनमन आदि योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज को आगे लाने का कार्य कर रहे हैं। इसके चलते इन इलाकों में विकास की गति काफी तेज हो गई है। संगोष्ठी में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं। संगोष्ठी को बबरु वाहन अध्यक्ष सनातन संत समाज आश्रम सामरबार, सोहन सिंह सह प्रांत संयोजक, जनजाति सुरक्षा मंच प्रांत महाकौशल, परमेश्वर सिंह मरकाम, अध्यक्ष जनजाति गौरव समाज ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीपैड पर स्वागत हेतु अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज एवं रामकुमार टोप्पो भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मौजूद रहे।

स्वच्छता दीदियों के साथ मुख्यमंत्री का सरई के पत्तों से बनी पतरी में भोजन, जनजाति गौरव समाज की बहनों ने भोजन परोसा :

विचार गोष्ठी के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वच्छता दीदियों के साथ जमीन पर बैठकर सरई के पत्तों से बनी पतरी और दोने पर भोजन किया। जनजाति गौरव समाज की दीदियों ने मुख्यमंत्री को भोजन परोसा। इस मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी स्वच्छता दीदियों के साथ भोजन किया। साथ ही स्वच्छता दीदियों की सुविधा के लिए सभी 20 एसएलआरएम सेंटरों में वॉटर कूलर लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट भी वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर सामुदायिक भवन हेतु पूर्व में 50 लाख रुपए की स्वीकृति हो जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री साय द्वारा निजी कोचिंग संस्थान का भी उद्घाटन किया गया।

इस दौरान माता राजमोहिनी देवी सेवा आश्रम की संचालिका राम बाई, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, कुसमी विधायक उध्देश्वरी पैकरा, पूर्व सांसद कमल भान सिंह, पूर्व मंत्री राम सेवक पैंकरा, सरगुजा संभागायुक्त जीआर चुरेंद्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर विलास भोसकर, एसपी योगेश पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, एवं बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहे।

Spread the love

You missed

कोई काम नहीं किया-अंबिकापुर। श्रमिक दिवस के अवसर पर गुरुवार 1 मई को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में श्रमिकों का सम्मान कर उन्हें उपहार दिया गया। इस दौरान देश की श्रम शक्ति के उत्थान में कांग्रेस के योगदान और जाति जनगणना की कांग्रेस की मांग पूरी होने से श्रमिक वर्ग के उत्थान पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल श्रमिकों से बात कर उनकी समस्याओं को भी जाना गया। श्रमिकों की ओर से सर्वाधिक प्रमुख मांग असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा के साथ ही पेंशन और बीमा की रही।आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि देश के श्रमिकों के हित में कांग्रेस ने देश में अनेक योजनाएं लागू की, जिससे संगठित और असंगठित सभी क्षेत्र के श्रमिकों को लाभ हुआ। विगत 11 वर्ष के कार्यकाल में मोदी सरकार श्रमिकों के हित में कोई कार्य नहीं कर पाई है। कांग्रेस के द्वारा लाई गई मनरेगा योजना को लगातार कमजोर किया जा रहा है। पूंजीपतियों के हित में मजदूरी में वाजिब इजाफा नहीं हो रहा है। सरकार की पूंजीवादी नीति के कारण श्रमिकों के साथ ही देश के नौकरी पेशा मध्यम वर्ग की कमर टूट रही है, जबकि पूंजीपतियों की आमदनी में दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने संसद में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि उनके मुहिम और दबाव में मोदी सरकार जातीय जनगणना कराने जा रही है। इसके आंकड़े आने पर सर्वाधिक फायदा श्रमिक वर्ग को होगा। पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि विगत 11 वर्ष के मोदीजी के कार्यकाल में श्रमिकों और कृषकों के हित की बात स्थगित हो गई है। आय की असमानता बढ़ी है। जातीय जनगणना की मांग पूरी होने पर उन्होंने राहुल गांधी का आभार जताया है। श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद ने सभा में मौजूद श्रमिकों को जानकारी दी कि कांग्रेस के कार्यकाल में किस प्रकार श्रमिकों के हित की योजनाएं बनाई गई और उन्हें लागू किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों को उन नियमों की जानकारी दी, जिससे श्रमिक कार्यस्थल की सुरक्षा के साथ ही भावी जीवन को भी सुरक्षित कर सकते हैं। कार्यक्रम को अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल,  हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, अरविंद सिंह गप्पू, दुर्गेश गुप्ता, अनिल सिंह, शफीक खान, रामविनय सिंह, मेराज गुड्डू, जे. कुजूर, लालचंद यादव, अनूप मेहता, अशफाक अली, जीवन यादव, आतिश शुक्ला, शिवप्रसाद अग्रहरि, दीपक मिश्रा, संजय सिंह, दिलीप धर, शकीला सिद्दीकी, अनिता सिन्हा, चंचला सांडिल्य, रूपा ताम्रकार, अंजू सिंह, ममता सिंह, विजय बेक, अनुराग नामदेव, आदर्श बंसल, दिवाकर दुबे, इश्तेयाक खान मौजूद थे।