अंबिकापुर। उमंग महिला एवं बाल उत्थान समिति ने शहर के यूनिक कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को नशा व साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। बताया गया कि वर्तमान में सबसे बड़ी सामाजिक कुरीति नशा व साइबर क्राइम है, जो विशेष रूप से किशोरों एवं युवा पीढ़ी को अपना शिकार बनाती है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में मंगल पाण्डेय वरिष्ठ समाजसेवी संयोजक नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान सरगुजा, सह निर्देशक चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी अम्बिकापुर व वरिष्ठ समाजसेवी, साहित्यकार, कवि संतोष दास सरल उपस्थित रहे।
मंगल पाण्डेय संयोजक नवा बिहान ने अपने वक्तव्य के माध्यम से किशोर छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा चाहे जैसा हो वह हर रूप में हानिकारक है। साहित्यकार संतोष दास ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने व राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सही मायने में भूमिका क्या होनी चाहिए। उन्होंने अपनी सारगर्भित कविताओं के माध्यम से जागरूक किया। संस्था की सदस्य शगुफ्ता परवीन ने साइबर अपराध, इससे बचाव के तरीके व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा अभिव्यक्ति ऐप के बारे में विस्तार से बताया। संस्था की काउंसलर प्रिया गुप्ता ने बच्चों को कैसे अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ना और बुराइयों से दूर रहना है, इसकी समझाइश दी। कार्यक्रम का संचालन हिना खान ने किया। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा सभी वक्ताओं एवं उमंग महिला एवं बाल उत्थान सोसायटी के सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रीना ठाकुर और संध्या सिंह का विशेष योगदान रहा।
