प्रदेश में पुरुषों से 47 हजार अधिक महिला मतदाता, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

एमसीबी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रकाशित सूची में प्रदेश के कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं।

इनमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से 47 हजार 86 अधिक है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यकतानुसार 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील की है।

प्रदेश में 95.31 लाख महिला मतदाता

प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में 95 लाख 31 हजार 721 महिला, 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष और 412 तृतीय लिंग मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में इनकी संख्या 27 हजार 196 से घटकर 26 हजार 854 रह गई है। इस प्रक्रिया में 47 नए मतदान केंद्र बनाए गए, जबकि 389 केंद्र विलोपित किए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश में 20 हजार 978 ग्रामीण और 5 हजार 876 शहरी मतदान केंद्र हैं।

नाम जोड़ने और सुधार के लिए 11 दिसंबर तक मौका

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय नागरिकों के लिए फॉर्म-6(क), नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ही एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन भी जांच सकेंगे मतदाता सूची में नाम

नागरिक ECINET मोबाइल ऐप और मतदाता सेवा पोर्टल  के माध्यम से अपना नाम जांचने तथा ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास ऑफलाइन आवेदन भी जमा किया जा सकता है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा में मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने की अपील की है।

Spread the love