आरोपी आत्महत्या से पहले धराया, शक ने छीन ली नवयुवती की जिंदगी
अंधेरे में डूबे नेहरू पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सूरजपुर। शहर के सबसे व्यस्ततम नेहरू पार्क में रविवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका का गला रेत दिया और भाग गया। युवक को शक था कि उसकी प्रेमिका किसी और से बात करती है और उससे उसके ताल्लुकात है। घटना के करीब दो घण्टे बाद आरोपी प्रेमी नेवरा में पकड़ा गया। यह घटना जहां हुई वह विधायक भूलन सिंह एवं एसडीम बंगला के ठीक सामने भीड़-भाड़ वाली जगह है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। नेहरू पार्क में प्रेम और शक के बीच हुए विवाद में प्यार के रिश्ते का खूनी अंत के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मौके से मिले सुरागों के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी को शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर से गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि, लटोरी की 20 वर्षीया युवती राधिका राजवाड़े शहर सीमा से लगे गिरवरगंज में अपनी बहन के यहां रहकर सूरजपुर में काम करती थी। रविवार को मोबाइल से संपर्क के बाद राधिका अपने प्रेमी रितेश राजवाड़े के साथ शाम करीब 8 बजे नगर के नेहरू पार्क में पहुंची थी। पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों कुछ समय तक पार्क में साथ बैठकर बातचीत किए। इसी दौरान प्रेमी रितेश ने राधिका पर किसी दूसरे युवक से बात करने का आरोप लगाया, जिस पर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में रितेश अपने पास रखा चाकू निकाला और राधिका के गले को रेत दिया। हमला होते ही पार्क में अफरा-तफरी मच गई, इसी दौरान आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल राधिका को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया। अंबिकापुर ले जाते समय रास्ते में ही राधिका ने दम तोड़ दिया। युवती के मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं शहर में भी घटना को लेकर आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मौके से मिले भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लगातार पीछा करते हुए आरोपी रितेश राजवाड़े को पीढ़ा क्षेत्र अंतर्गत यूकेलिप्टस के जंगल से घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने प्रेम प्रसंग और दूसरे लड़के से बात करने से नाराज होकर इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बाक्स
हत्यारा प्रेमी करने वाला था आत्महत्या
बताया जा रहा है कि प्रेमिका पर चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देने के बाद रितेश अपनी बाइक से फरार हो गया था। आरोपी रेल्वे ट्रेक पर आत्महत्या करने वाला था। परंतु वह नशे की हालत में बाइक चलाते हुए ग्राम पीढ़ा के समीप स्थित रेल्वे ब्रिज पार करके आगे निकल गया। रेल्वे ब्रिज पार करने का एहसास होते ही वह बाइक सड़क किनारे फंेक कर रेल्वे ट्रेक खोज रहा था, मगर अंधेरा होने के कारण वह उक्त स्थान तक नहीं पहुंच सका। इस बीच पुलिस उसके मोबाइल को ट्रेस करते वहां पहुंची गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बाक्स
आक्रोश की वजह…!
शहर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से लोगों आक्रोशित है। नेहरू पार्क में रोजना बड़ी संख्या में लड़की-लड़कों का आना होता है जो यहां पार्टी मनाते हैं। जिला मुख्यालय के इस पार्क में किसी प्रकार की कोई सुरक्षा व्यवस्था नहींं है। यहां सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट एवं पार्क की लाइटें महीनों से बंद है और अंधेरे का साम्राज्य है। पार्क के ठीक सामने विधायक निवास तो चंद कदम की दूरी पर व्यववस्था के लिए जिम्मेदार नगर पालिका कार्यालय है। मगर धृतराष्ट्र जनप्रतिनिधि अपनी आंख मूंदे हुए है। बड़ी संख्या में कई संदिग्ध लोग और जोड़े यहां प्रतिदिन आते हैं। मोहल्ले के लोगों ने इसकी कई बार शिकायत भी की है, मगर कोई जिम्मेदार सुनने वाला नहीं है।

Spread the love