पीड़ित ने एक बार फिर जिला पंचायत का दरवाजा खटखटाया
बलरामपुर। जनपद पंचायत बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलवाड़ीह के पंचायत सचिव का कथित ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वायरल ऑडियो में कथित रूप से पंचायत सचिव जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन करने के एवज में पैसे की मांग कर रहे हैं। ऑडियो में यह भी कहा गया है कि जिले में डेढ़ से दो सौ रुपये देना पड़ता है, नहीं तो चक्कर काटते रहना पड़ेगा।
मामला कलेक्टर तक पहुंचने के बाद जनपद स्तर के अधिकारियों ने सक्रियता दिखाते हुए जांच टीम को गांव भेजा था। सूत्रों की मानें तो जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि भी हुई, इसके बावजूद आज तक संबंधित पंचायत सचिव पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि आज भी उन्हें छोटे-छोटे दस्तावेजों के लिए कार्यालयों का चक्कर काटना पड़ रहा है। पंचायत में भय व असमंजस का माहौल बना हुआ है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ऐसा कौन-सा ब्रह्मास्त्र पंचायत सचिव के पास है, जिसके चलते जिम्मेदार कार्रवाई करने से बच रहे हैं। नाराज शिकायतकर्ता एक बार फिर जिला पंचायत सीईओ कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र महीनों से ऑनलाइन नहीं हो पाया है, जिससे जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जिम्मेदार कथित भ्रष्टाचार के इस मामले में सख्त कदम उठाएगा या फिर मासूम बच्ची के जन्म प्रमाण पत्र के लिए स्वजन को यूं ही दफ्तरों की ठोकरें खानी पड़ेंगी।

Spread the love