अंबिकापुर। पानी सप्लाई के बचे हुए पैसे को लेकर कार में सवार होकर पहुंचे आधा दर्जन लोगों ने घर में आंगन में घुसकर पिता-पुत्र से मारपीट की घटना को अंजाम दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा होने लगे और आरोपी एक कार वाहन को वहीं छोड़कर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर वार्ड नंबर-02 निवासी मनोरमा चक्रवर्ती ने पुलिस को बताया है कि, 27 मई को रात करीब 9.11 बजे उनके पति शिवमंगल के मोबाइल नम्बर पर एक कॉल आया। फोन करने वाले ने पूछा कि, तुम और तुम्हारा लड़का कहां है। इस दौरान उनके पति शिवमंगल और पुत्र कन्हैया चक्रवर्ती घर के आंगन में खड़े थे। करीब 10-15 मिनट बाद कार वाहन में व मोटरसायकल में कुछ व्यक्ति आए और कन्हैया से गाली-गलौज करते हुये हॉकी स्टिक, छड़ व हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगे, इनके द्वारा जान से मारकर गाड़ देने की धमकी दी जा रही थी। पुत्र से मारपीट होते देख शिवमंगल बीच-बचाव करने गये तो उनके साथ भी सभी मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर आस-पास के और पहुंचे और बीच-बचाव किये। मनोरमा ने बताया है कि मारपीट की घटना के बाद उन्हें पता चला कि घुटरापारा निवासी प्रिंस पानी सप्लाई करता है। पानी सप्लाई के बचे हुए कुछ पैसे की बात को लेकर प्रिंस अपने साथी संदीप, आकाश, उमा व 2-3 अन्य लोगों के साथ पहुंचा था और घर के आंगन में घुसकर उनके पुत्र कन्हैया और बीच-बचाव कर रहे पति से मारपीट किया है। मारपीट में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। आरोपी कार क्रमांक सीजी 15 ईके 7103 को वहीं छोड़कर एक अन्य कार में सवार होकर निकल लिए। रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 296, 351(3) का मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love