अंबिकापुर। शहर के गांधी स्टेडियम में बुधवार को सरगुजा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक-बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के दो मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। 20 ओवर के प्रारूप में खेले गए मैचों में युवा खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
पहले मैच में सरगुजा पेंथर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 95 रन बनाए। पेंथर के सर्वोच्च स्कोरर आयुष सिंह ने 30 रन बनाए। टाइगर के गेंदबाज अर्शलान और सौर्य प्रताप ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सरगुजा टाइगर ने 14वें ओवर में 5 विकेट खोकर 96/5 बनाकर मैच जीता। अक्षत सिंह ने 21 रन बनाकर जीत में योगदान दिया। पेंथर के शशांक सिंह ने 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच आयुष राज रहे। दूसरे मैच में विनायकम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट पर 119 रन बनाए। विनायकम के नैतिक चौधरी ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। अजबनगर के रौनक मण्डल ने 3 विकेट लिया। अजबनगर की टीम 81 रन पर ऑल-आउट रही। विनायकम के रुद्रांग त्रिपाठी ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लड़कियों ने भी थामा बल्ला
टूर्नामेंट में लड़कियों का एक 10-ओवर मुकाबला भी रखा गया, जिसमें लड़कियों की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 59 रन बनाया। यह मैच बॉयज की टीम ने जीता, लेकिन लड़कियों के उत्साह और खेल ने दर्शकों का ध्यान खींचा। मौके पर शहर की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी एवं एमआईसी सदस्य शशि कांत जायसवाल ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
ऑरेंज, पर्पल कैप पहनाकर सम्मान
टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले गगन बॉस को ऑरेंज कैप और सर्वाधिक विकेट लेने वाली आयांश द्विवेदी को पर्पल कैप पहनाकर सम्मानित किया गया। संघ के सचिन ने कहा कि टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को बहुमूल्य अनुभव मिल रहा है। संघ भविष्य में इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।

Spread the love