निर्माणाधीन सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से आमजन परेशान, आवागमन में हो रही दिक्कत

बलरामपुर। नेशनल हाईवे 343, अंबिकापुर-रामानुजगंज की सड़क निर्माणाधीन है और ठेकेदार द्वारा पानी नहीं डालने से पूरी सड़क में धूल उड़ रही है। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने स्वयं धूल-धूसरित सड़क का वीडियो इंटरनेट मीडिया में पोस्ट करते हुए नेशनल हाईवे के अधिकारियों को सड़क की बदहाली का सच दिखाया है। उन्होंने वीडियो अधिकारियों को भी भेजा है, वहीं बरियों के नागरिकों ने 27 मई को चक्काजाम की चेतावनी दी है।
नेशनल हाईवे-343 का निर्माण दो पार्ट में किया जा रहा है। अंबिकापुर से पाढ़ी एवं पाढ़ी से रामानुजगंज तक सड़क निर्माण के लिए दो अलग-अलग निर्माण एजेंसियां तय की गई हैं। डीजल के दाम बढ़ने एवं डीजल की कमी के कारण ठेकेदारों ने पूरा काम लगभग बंद कर दिया है। वहीं ठेकेदार द्वारा सड़क पर पानी भी नहीं डाला जा रहा है। नेशनल हाईवे 343 से गुजरने के दौरान सांसद ने स्वयं सड़क पर उड़ती धूल का वीडियो रिकार्ड किया और नेशनल हाईवे के अधिकारियों को भेजा। सांसद ने सोशल मीडिया पर भी वीडियो पोस्ट करके लिखा है कि सड़क पर उड़ रही धूल के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। उन्होंने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए हैं।
इधर ग्रामीणों का कहना है कि, ठेकेदार के द्वारा कार्य को छोटे-छोटे पेटी ठेकेदारों में बांट दिया गया है, जिसके चलते निर्माण कार्य में समन्वय की कमी दिखाई दे रही है। कहीं सड़क अधूरी पड़ी है तो कहीं खुदाई कर छोड़ दी गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात नजदीक होने के बावजूद कार्य की रफ्तार बेहद धीमी होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Spread the love