अंबिकापुर। प्रसव के बाद जन्म ली बच्ची के साथ स्वस्थ हालत में घर लौटी महिला को चक्कर आया, स्वजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मूलत: बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत डेहरीऑनसान निवासी गांगी सिंह पति अमर कुमार 24 वर्ष, वर्तमान में मायापुर, अंबिकापुर में रहती थी। गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन बीते 18 मई को अस्पताल में भर्ती कराए थे, सामान्य प्रसव के बाद 19 मई को महिला ने स्वस्थ्य बच्ची को जन्म दिया। महिला और नवजात बच्ची को दो दिन चिकित्सकों ने भर्ती रखा था और जच्चा-बच्चा की स्थिति ठीक देखने के बाद टीकाकरण से संबंधित आवश्यक सलाह देकर 22 मई को छुट्टी दे दी थी। घर आने के बाद 24 मई को महिला को अचानक चक्कर आया, और वह बेसुध हो गई। स्वजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का सही कारण सामने आ पाएगा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।  

Spread the love