अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बौरीबांध में रहने वाली महिला के सूने मकान से चोरों ने सोने-चांदी का जेवरात, मोटरसायकल और 8 हजार रुपये नकद पार कर दिया। महिला ने इसकी लिखित शिकायत थाने में की है, और चोरी करने वाले आरोपियों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बौरीपारा तालाब, काली मंदिर के पास रहने वाली फुलेश्वरी कुजूर, 20 मई को अपने पुत्र के साथ जमशेदपुर गई थी। 23 मई को वहां से वापस लौटी तो घर के पूरा सामान बिखरा हुआ था। घर के अंदर कमरे का ताला और अलमारी खुला था। अलमारी में रखा सोने का एक मंगलसूत्र, नाक का जेवर, चांदी का पायल दो सेट, एक चांदी का सिक्का, 8 हजार रुपये नकद और पैशन प्रो मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डीपी 2058 नहीं था। चोरी का शक मोहल्ले के ही एक लड़के पर होने के बाद जब वे उसकी तलाशी लिए तो जेब में सोने का लॉकेट और कान का जेवर मिला। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ करना बताया है। मामले में अग्रिम जांच कार्रवाई करते हुए पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है।
बोर मशीन और टाइल्स कटर मशीन पार
एक अन्य घटना में चोरों ने घर के दरवाजे का हुंडी तोड़कर बौरीपारा महादेव गली निवासी रमेश सोनी के मकान से बोर मशीन और दो नग टाइल्स काटने का मशीन और हेवल्स कंपनी का 4 एमएम का दो बंडल तार पार कर दिया। रमेश सोनी ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया है कि इस प्रकार की घटना बीते दो मई को भी हो चुकी है, इस दौरान चोरों ने टुल्लू मशीन और तार चोरी किया था। ऐसे में दोनों ही घटनाओं में एक ही चोर के शामिल होने का अंदेशा बना हुआ है। मामले में पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love