सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री ने मैडल और पुरस्कार देकर हौसला बढ़ाया

अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के चंदौरा सेक्टर में सुशासन तिहार के मौके पर क्षेत्र के होनहार विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री व सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा और स्थानीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने प्रतापपुर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी की कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा सुनीता को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए पुरस्कार और मैडल देकर सम्मानित किया।
छात्रा की इस सफलता से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनने के लिए सुनीता के माता-पिता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस अवसर ने उन्हें हर्षित कर दिया। सम्मान कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य दिलीप तिवारी, राज्यपाल पुरस्कृत एवं पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार प्राप्तकर्ता वरिष्ठ व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी तथा व्याख्याता ए. कुजूर भी उपस्थित थे। अजय चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। हाई स्कूल 10वीं का परीक्षा परिणाम 90.6 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी 12वीं का परिणाम 87.5 प्रतिशत रहा। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने सुनीता को बधाई देते हुए उसके लगन और परिश्रम की सराहना की।
विकासखंड में हासिल किया छठवां स्थान
कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर, जिला सूरजपुर द्वारा जारी हायर सेकण्ड्री बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025-26 की अधिकारिक मेरिट सूची के अनुसार, ग्राम पोड़ी निवासी कला संकाय की प्रतिभावान छात्रा सुनीता पिता बुधराम ने विकासखंड में छठवां स्थान हासिल करके 87.40: अंक हासिल किया है। छात्रा की इस सफलता पर अतिथियों ने उसे उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

Spread the love