अंबिकापुर। एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिले में कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है।
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत यहां प्रतिदिन एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है, अब तक 7 बालिकाओं का सफल टीकाकरण किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर अभिभावकों एवं किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि यह टीका विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से सुरक्षा प्रदान करने में सहायक है। उन्होंने जिले के सभी पात्र बालिकाओं, अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील किया है कि, वे पात्र बालिकाओं (जिन किशोरियों ने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो, लेकिन 15 वर्ष का जन्मदिन न मनाया हो) का एचपीवी का टीकाकरण कराएं। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और डॉक्टर द्वारा प्रमाणित है। एचपीवी टीका राष्ट्रीय टीकाकरण के अंतर्गत मेडिकल कालेज संबद्ध जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में  नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

Spread the love