उदयपुर। वन परिक्षेत्र उदयपुर के बासेन सर्किल अंतर्गत सरमा बीट क्षेत्र में 13 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 19 मई को हाथियों का दल चकेरी बीट के कक्ष क्रमांक 2056 से होते हुए सरमा बीट के पीएफ 2061 क्षेत्र में पहुंचा, जहां दल वर्तमान में विचरण कर रहा है। हाथियों का दल चकेरी गांव में फसलों को काफी मात्रा में नुकसान पहुंचाया है, इसका आंकलन वन विभाग द्वारा किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाथियों के द्वारा पहुंचाई गई कृषि क्षति में 4 कृषक प्रभावित हुए हैं। हाथियों के द्वारा किसी प्रकार की जनहानि, मकान क्षति, झोपड़ी को नुकसान अथवा पशु हानि पहुंचाने की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। वन विभाग के अनुसार हाथियों का यह दल  ‘कोरबा एचई-2Ó नाम से चिन्हित है, जिसमें 1 नर, 6 मादा एवं 6 शावक शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन अमला लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी एवं प्रचार-प्रसार करके लोगों को सतर्क कर रहा है। ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने, मवेशी चराने, जलाऊ लकड़ी एवं तेंदूपत्ता संग्रहण से फिलहाल बचने की अपील की गई है। वन विभाग ने चकेरी, बासेन, परसा, सानीबर्रा, सरमा सहित आसपास के गांवों को संभावित प्रभावित क्षेत्र बताया है। हाथियों की निगरानी में दल प्रभारी के रूप में परिक्षेत्र सहायक बासेन एवं स्टाफ डटे हुए हैं।

Spread the love