बलरामपुर। भूमि अधिग्रहण मुआवजा की मांग को लेकर आज 20 मई को धनवार आरटीओ चेक पोस्ट के पास चक्काजाम की तैयारी ग्रामीणों ने की है। वर्ष 2005-06 में आरटीओ परिसर बनने के नाम पर 19 भूमि स्वामियों से 20 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई थी, जिसका 20 साल बाद भी मुआवजा नहीं मिल पाया है। प्रभावित 19 परिवार के लोगों ने भूमि के बदले भूमि या 40 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा की मांग को लेकर ज्ञापन कलेक्टर बलरामपुर एवं पुलिस अधीक्षक को सौंपा था। मांग पूरी नहीं होने पर 20 मई से अनिश्चितकालीन चक्काजाम एवं धरना प्रदर्शन की शुरूआत प्रात: 9 बजे से की जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आने वाले सभी परिवहन पूर्णतया बंद हो जाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी शिकायत विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते से भी की गई है किंतु ना तो प्रशासन कार्रवाई कर रहा है, और ना ही स्थानीय विधायक ने इसके लिए अभी तक कोई पहल की है। प्रभावित किसानों ने कहा है कि, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है वे चक्काजाम एवं धरना प्रदर्शन करते रहेंगे।

Spread the love