अंबिकापुर। मणीपुर थाना क्षेत्र से एलपीजी गैस टैंकर वाहन के चालक के द्वारा ट्यूब फ्लेप सहित 4 चक्के व 4 डिस्क पार कर देने का मामला प्रकाश में आया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, जीएपी ट्रांसपोर्ट के मैनेजर भूपेन्द्र कुमार साहू निवासी वार्ड नंबर 10, मांढर बस्ती आजाद चौक, रायपुर ने मणीपुर थाना में लिखित शिकायत पत्र देते हुए अवगत कराया है कि, एलपीजी गैस टैंकर वाहन क्रमांक सीजी 07 सीएस 5131 से गैस का वितरण कार्य किया जाता है। उक्त वाहन का संचालन एवं देख-रेख वाहन चालक पवन कुमार पिता हुकुम सरोज निवासी कुण्डी मुर्तजाबाद मुफ्तीगंज, जौनपुर उत्तर प्रदेश के द्वारा किया जाता था। पवन कुमार 9 मई को एलपीजी गैस से भरे टैंकर को रायपुर से लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हुआ था। अंबिकापुर में एलपीजी गैस का वितरण करके उसे वापस रायपुर आना था परंतु गैस का वितरण करने के बाद 13 मई को चालक पवन कुमार ने षड्यंत्रपूर्वक ट्रक के ट्यूब फ्लेप सहित 04 नये चक्के, कीमत 91 हजार रुपये एवं 04 नग डिस्क, कीमत 36 हजार रुपये, कुल कीमत 1 लाख 27 हजार रुपये को चोरी कर लिया। आस-पास के लोगों से पता करने पर चोरी की जानकारी मिली। रिपोर्ट पर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love