धौरपुर। पुलिया स्वीकृत स्थल पर नहीं बनाने पर आपत्ति जताने और काम रूकवाने से आक्रोशित होकर निर्माण कार्य करा रहे एक व्यक्ति ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर जनपद सदस्य की डंडे से पिटाई कर दी। मामला थाने तक पहुंचा और पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत डुमरडीह, रवई, ककनी, चितरपुर, सपड़ा के जनपद सदस्य परमेश्वर पैकरा ने धौरपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि, गांव के ही मोहन यादव के द्वारा ग्राम सपड़ा बरपारा में एक पुलिया का निर्माण कराया जा रहा था। पुलिया निर्माण कार्य नानसाय के खेत में स्वीकृत था, जिसे राजेश पैकरा, पड़वा नगेशिया के खेत में बनाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर 18 मई को सुबह 08.00 बजे वे पुलिया निर्माण स्थल पर गए थे। पुलिया दूसरे जगह बनने पर उन्होंने मजदूरों को काम बंद कर देने के लिए कहा था, और साहब से बात करने की बात कहकर अपने मोटरसायकल से अकेले घर जा रहे थे, तभी रास्ते में मोहन यादव अपने घर के पास उन्हें रूकवाया और जातिगत संबोधन करते हुए काम रूकवाने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगा, और अपने माता-पिता को भी बुला लिया। इसके बाद मोहन की मां गुलाबी यादव हाथ में डंडा लेकर अपने पति हीराधन यादव के साथ आई, और मोहन यादव डंडे से 5-6 बार उनके ऊपर वार कर दिया। हीराधन व गुलाबी भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जनपद सदस्य ने पुलिस को बताया है कि मारपीट के दौरान वे जमीन में गिरकर बेसुध हो गए। होश आते तक गांव के कुछ लोग पहुंचे और मोटरसायकल से उन्हें घर तक पहुंचाए थे। धौरपुर अस्पताल में इलाज कराने के बाद जनपद सदस्य ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
बाक्स
जनपद सदस्य सहित अन्य के विरूद्ध भी मामला दर्ज
वहीं ग्राम सपड़ा निवासी गुलाबी यादव पति हीराधन यादव 55 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि, 18 मई को लगभग 8.30 से 9 बजे के बीच घर के पास पहुंचे गांव का जनपद सदस्य परमेश्वर खेत तरफ से वापस आया और उनके पुत्र मोहन यादव को दूसरे जगह पुलिया क्यों बनवा रहे हो, कहते हुए गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। मना करने पर वह जबरन हाथ खींचते हुए धक्का-मुक्की करने लगा। हाथ खींचने से चूड़ी टूट गया। इसके बाद परमेश्वर खुद को गांव का शेर, बीडीसी हूं, थाना मेरा है, कहते हुए भाग गया। आरोप है कि जब वह थाना जाने के लिए निकली तो परमेश्वर, मंगलेश्वर सहित अन्य उनका रास्ता रोक लिए। थाना धौरपुर में मोबाइल से इसकी सूचना देने पर थाना धौरपुर से पुलिस शासकीय वाहन के साथ पहुंची और वह थाना पहुंची। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित जनपद सदस्य परमेश्वर पैकरा, मंगलेश्वर पैकरा सहित अन्य के विरूद्व धारा 126(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस का मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love