ट्रांसपोर्टनगर में किराये के मकान में महिला के मौत की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

अंबिकापुर। मणीपुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर में एक महिला का अर्द्धनग्न शव संदिग्ध हालत में घर के अंदर मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और जांच, विवेचना कार्रवाई की है। मामला हत्या का है या कुछ और यह अस्पष्ट है। मृतिका के पति से पुलिस ने संपर्क किया, तो उसने कुसमी में सीमेंट लोड गाड़ी खाली करने के लिए साथ में आने की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र का जमुना चिकवा अपनी पत्नी सुखमनिया और दो बच्चों के साथ अंबिकापुर के मणीपुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर, कदमपारा में कविता मिंज पति सचिन मिंज के यहां किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता है। सोमवार की रात को पति, पत्नी और दोनों बच्चे घर में ही थे। इस दौरान पति और पत्नी शराब का सेवन किए थे। इसके बाद दोनों के बीच मामूली विवाद की स्थिति बनी, हालांकि दोनों के बीच किसी प्रकार का झगड़ा हुआ हो, इससे आसपास के लोग अनजान रहे। मंगलवार को अलसुबह जमुना चिकवा काम करने के लिए घर से निकल गया था, और उसकी पत्नी व बच्चे सो रहे थे। सुबह बच्चों की नींद खुली तो पिता घर में नहीं थे। मां के नहीं उठने से बच्चे परेशान थे। इस दौरान पास-पड़ोस के लोग घर के अंदर पहुंचे तो सुखमनिया के शरीर में किसी प्रकार की हरकत नहीं हो रही थी। आवाज लगाने पर भी जब वह नहीं उठी, तो इसकी सूचना मणीपुर पुलिस थाने में दी गई। मौके पर मणीपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फारेंसिक अधिकारी ने भी घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। मृतिका के शरीर में चोट का निशान मिला है, लेकिन खूनी संघर्ष जैसी स्थिति बनी हो, ऐसा फिलहाल सामने नहीं आया है। ऐसे में प्रथम दृष्टि में महिला की मौत को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। घर में मौजूद मासूम बच्ची ने अपनी तुतलाती जुबान में पुलिस को बताया है कि, जब वह उठी तो उसके पिता काम करने के लिए चले गए थे, मां सो रही थी। एक दिन पहले माता-पिता के द्वारा शराब सेवन करना भी वह बता रही है। बहरहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा। संभावना अत्यधिक शराब सेवन करने से मौत की भी बनी हुई है। इधर मौत के बाद मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हट गया है।  
पत्नी हां-हूं की, फिर निकल गया काम पर
सूत्रों के मुताबिक मृतका का पति जमुना चिकवा, मंगलवार को घर से काम पर निकलने के पहले बच्चों के साथ सो रही पत्नी को बोलकर निकला था कि वह काम करने के लिए जा रहा है। पति के अनुसार नींद में अलसाई पत्नी उठी नहीं, लेकिन हां-हूं करके अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद वह काम करने के लिए निकला और सीमेंट लोड गाड़ी के साथ कुसमी चले गया था। इसके बाद पुलिस मृतका के शव को मर्च्युरी में रखवा दी थी।
बयान
ट्रांसपोर्टनगर में पानी टंकी के पास एक घर में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर मणीपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक अधिकारी गए थे, मृतिका के शरीर में चोट का निशान मिला है। मृत्यु मारपीट या अन्य कारणों से हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राहुल बंसल, सीएसपी अंबिकापुर

Spread the love