सांसद ने प्राप्त आवेदनों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के दिए निर्देश

अंबिकापुर। राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार अंतर्गत जिले के अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़ादमाली क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 21 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर दौरान विभिन्न विभागों से मांग के 1369 एवं शिकायत के 69 कुल 1438 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से 47 मांग के आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, शेष लंबित आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
सांसद ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा शासन के निर्देशानुसार प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आम जनता को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा है तथा मांग एवं शिकायतों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की, ताकि समय पर समस्याओं का समाधान एवं योजनाओं का लाभ मिल सके। सांसद ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल अधिक आ रहे हैं, उनकी जांच कर शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। श्रम विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। शिविर में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग, श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग सहित कुल 29 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। उद्यानिकी विभाग के अधिकारी ने बागवानी खेती कर अधिक मुनाफा मिलने वाली योजनाओं की जानकारी दी। विद्युत विभाग द्वारा बिजली बिल संबंधित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी देकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया
हितग्राही मूलक योजनांतर्गत सामग्री का वितरण
ग्राम पंचायत बड़ादमाली में आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 53 हितग्राहियों को लाभ प्रदान करते हुए सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। शिविर में बिहान अंतर्गत चेक वितरण तथा मनरेगा योजना के तहत 6 हितग्राहियों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए। वहीं स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालयों के नियमित उपयोग एवं स्वच्छता बनाए रखने हेतु हितग्राहियों को स्वच्छता वीर सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता ग्राही समूहों को भी स्वच्छता वीर सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। खाद्य विभाग 6 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड प्रदान किए गए। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य नमूना कार्ड एवं पीएम किसान सम्मान निधि संबंधी पत्रक, समाज कल्याण विभाग द्वारा नवीन पेंशन स्वीकृति आदेश 5 हितग्राहियों को प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजनांतर्गत 6 हितग्राहियों को चेक, राजस्व विभाग द्वारा 5 किसानों को किसान किताब, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड योजना अंतर्गत 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।
नशे की लत से बचने की अपील
कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज ने उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्त अभियान की शपथ दिलाई एवं नशे की बुरी लत से बचने की अपील की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अनिमा केरकेट्टा, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, बड़ादमाली सरपंच दिव्या पैकरा सहित सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच गण अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम बन सिंह नेताम, तहसीलदार कृष्णा कवंर, जनपद सीईओ राजेश सेंगर सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love