अंबिकापुर। कोतवाली थाना अंतर्गत गौरी मंदिर के पास सब्जी एक ही जगह देने की बात को लेकर चली प्रारंभिक बातचीत ने कुछ ऐसा तूल पकड़ा कि, दो पक्षों के बीच गालीगलौज और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। एक पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन लोगों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
बौरीपारा महादेव गली निवासी नन्दलाल श्रीवास्तव ने कोतवाली थाना पुलिस को बताया है कि 3 मई की शाम को करीब 7 बजे वे गौरी मंदिर के पास लाला गुप्ता से बात कर रहे थे, यहां रविन्दर गुप्ता सब्जी लोड करा रहा था। इस दौरान एक ही सब्जी देने की बात को लेकर वह उत्तेजित होकर बात करते हुए अनावश्यक टिप्पणी करने लगा, जिससे विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद रविन्दर गुप्ता, रंजीत गुप्ता उर्फ पंडा और बिट्टू गुप्ता एकराय होकर विवाद करते हुए गालीगलौज और मारपीट करने लगे। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों का मजमा जमा हो गया, और किसी ने घटना का वीडियो भी वायरल कर दिया। काफी देर तक चले विवाद और मारपीट के बाद भी मौके पर पुलिस के तत्काल नहीं पहुंचने जैसे आरोप भी लग रहे थे। हालांकि मामला पुलिस तक पहुंचा है और पुलिस ने नन्दलाल श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 296, 351 (3), 115 (2), 3 (5) का मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love