बलरामपुर/अंबिकापुर। विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सेंदुर की रहने वाली कलेश्वरी पति रामधनी आयाम, (50 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में जिला अस्पताल के छत से कूद गई, मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतिका को पेट दर्द और बुखार की शिकायत के बाद परिजन उसे 27 अप्रैल को जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराए थे, जहां उसका इलाज चल रहा था। गुरुवार की रात लगभग एक बजे मृतका के पति रामधनी और पुत्री मंजू सिंह की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कलेश्वरी बिस्तर पर नहीं है। अस्पताल के बाथरूम सहित अन्य कमरों में तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। महिला को तलाश करते जब नीचे पहुंचे तो अस्पताल में प्रथम तल पर भर्ती महिला जमीन पर गिरी हुई थी। मौके पर काफी खून बिखरा हुआ था, लेकिन उसकी सांस चल रही थी। परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी नर्स सहित अन्य लोगों को दी। गम्भीर स्थिति में उसे आपातकालीन वार्ड में लाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बाद उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। अंबिकापुर लाते समय समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर बलरामपुर जिला अस्पताल और स्वास्थ्य महकमे में घटना के बाद हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। यक्ष प्रश्न यह है कि, अस्पताल के वार्ड में भर्ती महिला छत से कथित रूप से कूद गई या फिर गिर गई लेकिन इसकी भनक किसी को काफी देर तक नहीं लग पाई। अगर मृतका के स्वजन बेड से बीमार महिला को गायब देखकर खोजबीन में नहीं जुटते तो, संभवतः रात भर महिला लहूलुहान पड़े रह जाती।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच जारी है। बहरहाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी ने मृतका के परिजनों का बयान लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम जांच, करवाई बलरामपुर जिला पुलिस करेगी।

Spread the love