बलरामपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तातापानी ने बीते कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। विद्यालय के नियमित प्राचार्य शिव प्रसाद रवि के कुशल नेतृत्व और प्रबंधन का यह परिणाम माना जा रहा है।
10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 57 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 37 छात्राएं प्रथम श्रेणी एवं 20 छात्राएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। रिमी गुप्ता ने 88.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत रहा। 12वीं बोर्ड परीक्षा में 42 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 30 छात्राएं प्रथम श्रेणी एवं 10 छात्राएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। केवल एक छात्रा अनुत्तीर्ण और एक छात्रा को पूरक की पात्रता मिली। 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 95.2 प्रतिशत रहा। इस कक्षा में अपर्णा मंडल ने 85.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य, शिक्षकों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।
बाक्स
मजदूरी करके 10वीं में अर्जित किया 88′ अंक, बालपन में हुआ पिता का निधन
रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम नवाडीह से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। किंडर गारटेन पब्लिक स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र श्याम लाल यादव ने पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी करते हुए 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। श्याम लाल के जीवन में संघर्ष बचपन से ही शुरू हो गया था। जब वह मात्र तीन वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। समय के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां कम उम्र में ही उनके कंधों पर आ गईं, जिसके कारण उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी करनी पड़ी।

Spread the love