वैभव बेंकर, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर

टमाटर लोड पिकअप बाइक सवार को चपेट में लेते पेड़ से टकराकर पलटी, युवक की मौत
पत्नी की आंखों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, मृतक लौट रहा था ससुराल से  

अंबिकापुर। अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग में हादसों का दौर जारी है। हाल में तेज रफ्तार कार के चालक ने सड़क के किनारे खड़ी दो महिलाओं को चपेट में लिया था, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुन: 22 मार्च, रविवार की शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी एक पहाड़ी कोरवा युवक को पिकअप का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चालन करते हुए चपेट में ले लिया, जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप वाहन पलट गई। मृतक की पत्नी कुछ फासले पर खड़ी होकर मोटरसायकल में पेट्रोल भराने के लिए गए पति के आने का राह देख रही थी, और देखते ही देखते दर्दनाक हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम रामनगर निवासी मुनेश्वर राम पिता स्व. बालक राम पहाड़ी कोरवा 33 वर्ष, 22 मार्च को अपनी पत्नी अनिता के साथ मोटरसायकल में अपने ससुराल ग्राम गिधाबहरी गया था। शाम को वापस घर आते समय अंबिकापुर-प्रतापपुर रोड स्थित ग्राम सकालो में पेट्रोल पम्प के पास अपनी पत्नी को उतारकर मोटरसायकल में पेट्रोल भराने गया था। पेट्रोल भराकर निकलते समय तेज रफ्तार टमाटर लोड पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 सीटी 1119 के चालक ने मोटरसायकल सवार को चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर डॉयल 112 की टीम व थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और बेसुध पड़े युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के सिर में गंभीर चोट आई थी। मौके पर काफी खून का रिसाव हुआ था। घटना को लेकर इलाके के लोग आक्रोशित थे। इनका कहना था कि आए दिन सब्जी मंडी से पिकअप वाहनों का आना-जाना लगे रहता है। इनकी रफ्तार इतनी तेज रहती है, कब कौन असमय काल का ग्रास बन जाएगा, कहना मुश्किल रहता है। किसी संभावित दुर्घटना को नजरअंदाज करके पिकअप वाहन को अनियंत्रित गति में चालक रोजाना दौड़ाते हैं, और छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं की स्थिति बनते रहती है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि सब्जी मंडी से निकलने वाले मालवाहकों के गति नियंत्रण की पहल हो और इस मार्ग से मंडी से सब्जी लोड करके आने-जाने वाली वाहनों का संचालन बंद किया जाए, क्योंकि ये जल्दी पहुंचने के चक्कर में औरों की जान को खतरे में डालने में पीछे नहीं रहते हैं।
चालक पिकअप से निकलकर भागा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि देखते ही देखते पेट्रोल पम्प से निकल रहे युवक को बेकाबू पिकअप का चालक बुरी तरह से चपेट में ले लिया, कुछ फासले पर खड़ी बाइक सवार की पत्नी की चीख निकल गई। इस दौरान हुई जोरदार आवाज के साथ पिकअप, सड़क के किनारे एक पेड़ से टकराकर मौके पर ही पलट गई। पेड़ नहीं होता तो पिकअप सीधे पास ही स्थित एक घर में प्रवेश कर जाती। जब तक लोग पिकअप के पास पहुंच पाते, चालक वाहन का कांच फोड़कर भागने में सफल हो गया।
हाल में हुई थी दो महिलाओं की मौत
अंबिकापुर-प्रतापपुर रोड में बीते गुरूवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क के किनारे खड़ी दो महिलाओं की मौत हो गई थी। यह मार्ग तेज रफ्तार वाहनों और अनियंत्रित रफ्तार में सब्जियों को लोड करके जाने वाली पिकअप वाहनों के कारण असुरक्षित बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस मार्ग में आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन बेकाबू रफ्तार पर लगाम नहीं लग पाया है। बड़े हादसों का प्रमुख कारण सब्जी परिवहन में लगी पिकअप की खूनी रफ्तार है, जिस पर समय रहते अंकुश लगाने की जरूरत है।

Spread the love