एनडीपीएस के मामले में गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई

अंबिकापुर। एन.डी.पी.एस. के मामलों में गांधीनगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को बिहार राज्य से गिरफ्तार किया है। नशीले पदार्थों के खरीद बिक्री एवं तस्करी के मामले में शामिल आरोपियों के मांद तक पहुंचने डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने निर्देशित किया है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने इंड तो इंड कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की है।  
बता दें कि 17 जून 2024 को थाना गांधीनगर पुलिस टीम, लटोरी रोड में चठिरमा बेरियर के आगे वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लटोरी रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की अल्टो कार क्रमाक जेएच 01 डीसी 3645 का चालक वाहन चेकिंग होता देखकर अपनी कार को बैक करके ले जाने लगा, जिसे आवाज देकर रुकने का इशारा पुलिस ने किया तो वह गाड़ी से उतर कर भागने लगा। कार सवार को पुलिस ने पकड़ा तो वह अपना नाम पंकजधर दुबे बताया। कार का तलाशी लेने पर 3000 नग अलग-अलग नाम का इंजेक्शन मिला था। मामले में थाना गांधीनगर में धारा 22 सी 27, 29 एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध करके आरोपी को पुलिस ने हिरासत मेे ले लिया था। पूछताछ में उसने अंबिकापुर के आरिफ हुसैन एवं अन्य को नशे का इंजेक्शन व सिरप बेचने की जानकारी दी थी। साथ ही रॉकी कुमार से होलसेल में सिरप एवं इंजेक्शन प्राप्त करके खाते के माध्यम से पैसे का लेन-देन करना बताया था।
मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने थाना गांधीनगर पुलिस को इंड तो इंड कार्रवाई करके प्रकरण के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस टीम को पता चला कि आरोपी आरिफ हुसैन जिला औरंगाबाद के जेल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में निरूद्ध है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पूर्व में प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया था। प्रोडक्शन वारंट के पालन में आरोपी आरिफ हुसैन पिता स्व. शब्बीर हुसैन 26 वर्ष, निवासी इमलीपारा को विधिवत गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी रॉकी कुमार पिता प्रदीप प्रसाद 32 वर्ष, निवासी धानी टोला, थाना कोतवाली, जिला गया बिहार को तलाशा तो उसके बिहार में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने होलसेल में दवा बेचने का काम करना बताया। उसने पंकज कुमार सिंह निवासी नबीनगर जो भारत मेडिकल स्टोर के नाम से मेडिकल दुकान का संचालन करता है, उसे नशे का इंजेक्शन बेचना बताया। पंकज के माध्यम से ही उसका परिचय पंकजधर दुबे से हुआ था, जिससे खाते में रुपये लेकर वह नशे का इंजेक्शन व सिरप बेचता था। पुलिस ने आरोपी से वर्तमान में प्रयुक्त मोबाइल फोन मय सीम जप्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अमृत सिंह, अतुल शर्मा सक्रिय रहे।

Spread the love