भैयाथान। झिलमिली स्टेट के छोटे राजा की पुण्यतिथि पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्वजनों ने वार्षिक श्राद्ध पूजन कर ब्राह्मण भोज और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया।
छोटे राजा के नाम से विख्यात विन्ध्येश्वरी प्रताप सिंह के प्रथम पुण्य तिथि पर इंद्रप्रस्थ भैयागढ़ी में उन्हें आम लोगों एवं स्वजन ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें याद करते हुए रामेश्वर प्रताप सिंह ने कहा कि लोगों के सहयोग के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे, साथ ही गांव में आपसी झगड़ा-विवाद को निर्विवाद रूप से सुलझाने में माहिर थे। यही कारण था कि उन दिनों थाना में कम मामला जाया करता था, यही विश्वास उन्हें ग्रामीणों से जोड़ता था। खेल के प्रति उनका लगाव असीम था, वे फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी थे। जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि परिवार को एक सूत्र में उन्होंने बांधकर रखा, आज भी पूरा परिवार एकजुट है। वे पूरे नवरात्र में कुदरगढ़ में पूजा-अर्चना करते थे, जिसे परिवार आज भी निभा रहा है। आसपास के क्षेत्र में रामायण प्रतियोगिता में वे निर्णायक की भूमिका बखूबी निभाते थे। हमारा परिवार उनके बताए पद चिन्हों पर चलकर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में ललित सिंह, अमरेश्वर प्रताप सिंह, शिवम सिंह, योगेश प्रताप सिंह, ललित सिंह, अजय प्रताप सिंह, आशीष सिंह सहित परिवार के सभी सदस्य शामिल रहे।

Spread the love