अंबिकापुर। उत्तरी छत्तीसगढ़ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर सरगुजा संभाग में रविवार के बाद सोमवार को भी देखने को मिला। रविवार की शाम हल्की बूंदाबादी के बाद सोमवार को दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने काले बादल छाने के साथ बादलों की गरज-चमक शुरू हो गई और कई स्थानों पर बूंदाबांदी के साथ तेज बारिश हुई। उदयपुर क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, इससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली।
अंबिकापुर में भी शाम 4 बजे अंधेरा छा गया, कुछ देर बाद बादलों की गरज के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हुई। उदयपुर क्षेत्र में कुछ समय तक ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोग परेशान थे, ऐसे में बारिश और ठंडी हवा से लोग राहत महसूस कर रहे थे। इधर ओलावृष्टि के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में लगी फसलों को नुकसान की चिंता सता रही है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ घंटों में जिले के कुछ और इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई है। आंधी, बारिश व ओलावृष्टि से आम, लीची के अलावा गेहूं की फसलों को नुकसान होने की संभावना है। इन दिनों आम के पौधों में बौर आ गए हैं, ऐसे में बारिश और ओला का असर फलदार पौधों और खेती पर पड़ सकता है।

Spread the love