शादी में गया युवक दोस्त के साथ बैठकर पी रहा था शराब, इसी दौरान उपजा विवाद
उदयपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम पोतका में ग्राम हनुमानगढ़ निवासी एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक शादी देखने के लिए पोतका आया हुआ था। पुलिस ने संदेहियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 8 बजे शीतल 20 वर्ष अपने दोस्त प्रमोद सिंह के घर गया था, जहां दोनों साथ में बैठकर शराब पिए। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर प्रमोद सिंह ने पहले डंडे से हमला किया, फिर टांगी से वार करके शीतल की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी के माता-पिता ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घर की पूरी सफाई कर दी। इसके बाद प्रमोद सिंह अपने डेढ़ साला राजेश निवासी केवरा के साथ मिलकर शव को पानी से भरे डबरी में फेंक दिया। रात में ही घटना की सूचना मिलने पर उदयपुर पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक राजेश चतुर्वेदी, सूरजबली, रवींद्र साहू और देवेंद्र सिंह की टीम ने केवरा और पोतका में छापामार कार्रवाई करके आरोपियों की तलाश शुरू की और सभी संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सोमवार को सुबह पुलिस ने डबरी से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी उदयपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। चर्चा इस बात की भी हो रही है कि करीब एक साल पहले एक शादी समारोह के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें हनुमानगढ़ के युवकों ने पोतका के कुछ युवकों की पिटाई कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों गांव के कुछ युवकों के बीच रंजिश चल रही थी। बहरहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Spread the love