एकीकृत बोर्ड परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्री का किया गया वितरण

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा सत्र 2025-26 में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में एकीकृत बोर्ड परीक्षा के नियमों के तहत एक साथ परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार कक्षा पांचवी की परीक्षा 16 मार्च से प्रारंभ और 27 मार्च को समाप्त होगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक निर्धारित है। कक्षा आठवीं की परीक्षा 17 मार्च को प्रारंभ होगी, समापन 06 अप्रैल 2026 को होगा। परीक्षा का समय सुबह 9 से 12 बजे है। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्रियों का वितरण अंबिकापुर के शासकीय मल्टीपरपज स्कूल से शनिवार को किया गया। प्राचार्यों को प्रश्नपत्र के सील बंद पैकेट वितरित किए गए। दिए गए प्रश्नपत्रों के पैकेट का मिलान करने के बाद पेटी में गोपनीय सामग्रियों को रखकर सील किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्न पत्रों को बस से लेकर प्राचार्य रवाना हुए, और संबंधित परीक्षा केंद्र के समीप थाने में जमा कराया।
सरगुजा जिले के सात विकासखंडों अंबिकापुर, बतौली, लखनपुर, लुण्ड्रा, मैनपाट, सीतापुर व उदयपुर में केंद्रीयकृत पांचवीं की प्राथमिक शाला परीक्षा के लिए 1563 और आठवीं की परीक्षा के लिए 751 केंद्र बनाए गए हैं। 5वीं में 16867 व 8वीं में 13962 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। प्रश्नपत्र के वितरण को लेकर शनिवार को शासकीय मल्टीपरपज स्कूल में गहमागहमी बनी रही। प्रश्नपत्र परिवहन के लिए 23 मार्गों का निर्धारण किया गया था। परीक्षा के बाद 30 मार्च से ही कक्षा 5वीं का और 04 अप्रैल से कक्षा 8वीं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। प्रश्पपत्रों के वितरण के बाद से ही इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। बता दें कि केंद्रीयकृत परीक्षा प्रणाली के तहत स्कूल शिक्षा विभाग से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए एक समान प्रश्नपत्र का वितरण किया जाएगा। प्रश्नपत्र में ही उत्तर लिखने के लिए जगह रहेगी। पांचवीं की परीक्षा के लिए 50 अंक होगा, इसमें प्रोजेक्ट पर 10 नंबर और 40 नंबर लिखित परीक्षा के लिए तय किए गए हैं। आठवीं की परीक्षा 100 नंबर की होगी, 20 नंबर प्रोजेक्ट पर मिलेगा, 80 नंबर की लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा में किसी भी छात्र को अनुत्तीर्ण नहीं किया जाएगा।
कक्षा 5वीं बोर्ड परीक्षा का टाइम-टेबल

Spread the love