अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस ने 04 गुम इंसानों को बरामद करके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक 07 फरवरी 26 को थाना कोतवाली अंबिकापुर में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 05 फरवरी 26 से उसकी मां गायब है। पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस टीम उक्त महिला के तलाश में लगी थी, जिसे सकुशल बरामद कर स्वजन के सुपुर्द किया गया है। बताया जा रहा है कि घर से जाने के बाद महिला अपने ही परिजनों के पास थी। दूसरे प्रकरण में प्रार्थी द्वारा 03 दिसम्बर 25 को रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि 29.11.25 को उसकी पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पा रहा है। खोजबीन के दौरान पुलिस ने गुम महिला को परिजनों के पास से दस्तायाब किया है। तीसरे प्रकरण में प्रार्थी ने 03 मार्च 26 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 02 मार्च 26 को उसका लड़का घर से बिना बताए कहीं चला गया है, खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। पुलिस टीम ने उसे सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। एक अन्य प्रकरण में 11 मार्च 26 को थाना कोतवाली में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 09 मार्च को उसकी पत्नी अपने बच्चे को साथ लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गई है। पुलिस ने महिला एवं बच्चे को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक संजीव चैबे, दीपक दास, आलोक गुप्ता सक्रिय रहे। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता बरतें और नजदीकी पुलिस थाना में सूचनाओं का आदान-प्रदान करें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Spread the love