प्रशासन व पुलिस की संयुक्त बैठक में निर्देशों का पालन करने के निर्देश

अंबिकापुर। बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर पुलिस ने जिले के समस्त डीजे संचालकों, मैरिज ग्राउंड एवं होटल प्रबंधकों की बैठक ली। बैठक में डीजे संचालकों को विधिवत अनुमति प्राप्त करके आवाज तय मानकों के आधार पर रखकर संचालन करने के निर्देश दिए गए। रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन किए जाने पर डीजे संचालकों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने की चेतवानी दी गई। होटल मैनेजर एवं मैरिज गार्डन संचालकों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए तय समय के बाद परिसर में डीजे संचालन नहीं करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संगीत नहीं बजाने की सख्त हिदायत दी गई है।
आगामी बोर्ड परीक्षाओं को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा जिले के सभी डीजे संचालकों, मैरिज ग्राउंड एवं होटल प्रबंधकों की बैठक में डीजे संचालन एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में कोतवाली थाना में आहूत बैठक में विभिन्न दिशा-निर्देशों का पालन कराने का गया। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, एसडीएम फागेश सिन्हा एवं तहसीलदार उमेश्वर सिंह बाज के उपस्थिति में हुई बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर किसी भी सामाजिक, धार्मिक आयोजन, कार्यक्रम, रैली, जुलूस में डीजे संचालन से पूर्व विधिवत अनुमति प्राप्त करने के पश्चात ही डीजे सिस्टम लगाने, साउंड सिस्टम की आवाज तय मानकों के अंतर्गत रखने एवं समय का विशेष ध्यान रखने हेतु रात्रि 10 बजे के पूर्व तक ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। बैठक दौरान डीजे संचालकों को रजिस्टर संधारण करने के लिए कहा गया, जिसमें विधिवत अनुमति एवं नियम शर्तों के साथ डीजे संचालन कराने वाले व्यक्ति का पहचान पत्र एवं अन्य जानकारियां लिखित रूप में हो, जिससे आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्ति एवं संचालक से तत्काल परस्पर सूचना स्थापित किया जा सके। बैठक में तय समय के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जप्ती की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। मैरिज गार्डन एवं होटल के मैनेजरों को डीजे संचालन से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन करने निर्देशित किया गया। प्रत्येक होटल मैनेजर एवं मैरिज गार्डन संचालकों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि तय समय के बाद किसी प्रकार के कार्यक्रम में डीजे का संचालन ना हो। डीजे संचालन के दौरान किसी भी धर्म संप्रदाय एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संगीत नहीं बजाने की कड़ी समझाईस दी गई। डीजे संचालकों ने भी इस पर अपनी सहमति प्रदान की। बैठक के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह एवं सरगुजा जिले के सभी डीजे संचालक, मैरिज गार्डन व होटल मैनेजर उपस्थित रहे।

Spread the love