खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों को बढ़ावा देने पीएमएफएमई योजना की दी गई विस्तृत जानकारी
अंबिकापुर। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, अंबिकापुर द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष में एक दिवसीय ‘उद्यमिता जागरूकता शिविरÓ का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से जिले के युवाओं और उद्यमियों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराया गया।
शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी Óप्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजनाÓ की विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग के प्रबंधक अश्विनी शुक्ला, सहायक प्रबंधक सूर्योदय कुमार साहू एवं संदीप पन्ना ने उपस्थित उद्यमियों को योजना की बारीकियों से अवगत कराया।
अधिकारियों ने खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों से संबंधित स्वयं सहायता समूहों और व्यक्तिगत इकाइयों के प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि योजना के तहत नवीन इकाइयों की स्थापना और पुरानी इकाइयों के उन्नयन के लिए ऋण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अधिक से अधिक ऋण प्रकरण तैयार कर शासन की इस योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। जागरूकता शिविर के दौरान उद्यमियों के मार्गदर्शन हेतु पीएमएफएमई योजना से संबंधित पंपलेट और ब्रोसर का वितरण भी किया गया, जिसमें आवेदन प्रक्रिया और योजना के लाभों का संक्षिप्त विवरण दिया गया है। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में रुचि रखने वाले प्रतिभागी उपस्थित रहे, जिन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

Spread the love