किसानों की समस्या 30 नवंबर तक दूर नहीं होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

लखनपुर। सरकारी प्रक्रियाओं में अव्यवस्था, तकनीकी खराबी और रजिस्ट्रेशन संबंधी अड़चनों ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। समस्याओं को लेकर लगातार किसान हल्का पटवारी और तहसील कार्यालयों का चक्कर काटने को मजबूर हैं। किसानों ने तहसीलदार को इन सभी समस्याओं का समाधान करने ज्ञापन सौंपा था और 26 नवंबर तक समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 27 नवंबर को चक्काजाम, आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। इसी तारतम्य में 27 नवंबर, गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे नेशनल हाईवे 130 स्थित लहपटरा गांधी चौक के पास बड़ी संख्या में किसान एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे। इसकी सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार उमेश तिवारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत करके त्वरित समस्या समाधान का आश्वासन दिया है। इसके बाद  किसानों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।
किसानों ने जमीनी हकीकत उजागर करते हुए बताया है कि इस बार गिरदावरी (भूमि सत्यापन) में कई त्रुटियां सामने आई हैं। पहले उनका पूर्ण रकबा दर्ज था, इस बार सिस्टम में रकबा कम दिखाया गया, जिससे धान खरीदी का लक्ष्य अचानक घट गया। आरोप है कि जमीन वही है, लेकिन सिस्टम में रकबा कम दिखाकर उन्हें सीधा नुकसान पहुंचाने का काम किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन की अनिवार्य प्रक्रियाएं डीएससी और आरसी सत्यापन बार-बार फेल हो रही है। एग्री स्टेक पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण एप्रूवल और अपडेट लंबे समय से अटका हुआ है। किसानों ने बताया कि सोसायटी से उन्हें तहसील भेजा जा रहा है और तहसील उन्हें वापस सोसायटी भेजने में लगा है। इस चक्कर में उनका समय, पैसा और मेहनत लगातार बरबाद हो रहा है। रकबा कम दर्ज होने और पंजीयन त्रुटियों के कारण चिंतित किसान लहपटरा गांधी चौक के पास चक्काजाम करने काफी संख्या में एकत्रित हो रहे थे, प्रशासनिक अधिकारियों के समझाइश के बाद किसान संतुष्ट हुए। किसानों ने रकबा सुधार करने के लिए मात्र 30 नवंबर तक समय दिया है जबकि कई किसानों की एग्री स्टेट सहित अन्य समस्याएं हैं, जिसका निराकरण इतने कम समय पर होना संभव नहीं है।
किसानों के साथ उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रणविजय सिंह देव ने कहा कि यदि समस्या का समाधान 30 नवम्बर तक नहीं होता है तो किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए वे बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कृपा शंकर गुप्ता, रणविजय सिंह देव, सूरज सिंह पैकरा, धर्मेंद्र झरिया, राम रतन, जीवन राम, अजहर राम चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।  

Spread the love