अंबिकापुर। स्टेट बैंक के द्वारा जप्त की गई मारूति सुजुकी वाहन को अज्ञात लोगों ने होटल गोविन्दम के कैम्पस से चोरी कर लिया। घटना की रिपोर्ट कानूनी अधिकृत ऋण वसूली प्रकोष्ठ के वाहन जप्ती इंचार्ज मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ ने मणीपुर थाना में दर्ज कराई है। चोरी गए वाहन की कीमत सात लाख रुपये बताई गई है।
होटल गोविन्दम में रहने वाले शांतीनगर, राजनगर मध्य प्रदेश निवासी धर्मेन्द्र तिवारी पिता रामकुमार तिवारी 39 वर्ष ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया है कि कोरबा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रास्मिक विभाग से हामीद खान पिता छोटे खान 55 वर्ष, निवासी बलौदा, जांजगीर चांपा मारूती सुजूकी क्रमांक सीजी 11 बीक्यू 9992 फायनेंस कराया था, जिसका मासिक किस्त 17 हजार 900 रुपये है। वाहन स्वामी के द्वारा उक्त वाहन का मासिक किस्त लगातार 3 माह से नहीं देने पर उक्त खाता को बैंक द्वारा एनपीए (गैर निष्पादित संपत्ति) में शामिल कर दिया गया था, जिसके कारण स्टेट बैंक के द्वारा लीगल आर्थराइज्ड डिपार्टमेंट रिकवरी एण्ड इन्फोर्समेंट सेल जबलपुर मध्य प्रदेश को उक्त वाहन को सीज करने हेतु आदेशित किया गया। वाहन स्वामी को दो बार नोटिस दिया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। 20 नवम्बर को शाम करीब 4 बजे उनके साथ कंपनी में कार्यरत मनीष पनिका ने कोरबा दर्री में मस्जिद के पास रहने वाले वाहन स्वामी हामीद खान को वाहन का किस्त पटाने कहा गया और पूर्व में दिए गए नोटिस के संबंध में अवगत कराया गया। इस पर वाहन स्वामी ने किस्त पटाने में असमर्थता व्यक्त की और गाड़ी को ले जाने के लिए कहा। वाहन स्वामी ने गाड़ी का कागजात व एक चाबी वापस किया, दूसरी चाबी गुम होने की बात कहकर नहीं दिया। गाड़ी को अपनी सुपुर्दगी में लेते समय उन्होंने जप्ती पंचनामा वाहन स्वामी एवं गवाह के उपस्थिति में तैयार किया था। वहीं वाहन को लेते समय वाहन स्वामी के समक्ष फोटो भी लिया गया। वाहन स्वामी के द्वारा गाड़ी में जीपीएस लगाना बताया गया था। इसके बाद वे वाहन को अंबिकापुर लेकर आ गए थे और 21 नवम्बर को दोपहर में बिलासपुर चौक अंबिकापुर के पास पेट्रोल पंप के बगल में स्थित होटल गोविन्दम के स्वामी एवं गार्ड अजय राजवाड़े को सूचना देकर यार्ड में वाहन को लॉक करके खड़ा कर दिया था। 25 नवम्बर को शाम लगभग 7.30 बजे होटल के यार्ड का जायजा लेने के लिए वाहन जप्ती इंचार्ज अपने सहयोगी के साथ गए तो सीज करके लाई गई मारूती सुजुकी कार क्रमांक सीजी 11 बीक्यू 9992 नहीं थी।
गाड़ी मालिक समझकर नहीं किया पूछताछ
गार्ड अजय राजवाड़ से पूछने पर वह बताया कि 22 नवम्बर को रात लगभग 11 बजे कार में एक अज्ञात व्यक्ति आया और चाबी से गाड़ी को स्टार्ट करने के बाद यार्ड से बाहर लाकर नया बस स्टैंड की ओर चले गया। वह गाड़ी मालिक समझकर उससे पूछताछ नहीं किया। रिपोर्ट पर पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Spread the love