सीनियर-जूनियर सिंगल डांस का सेमीफाइनल संपन्न, फाइनल में 8-8 प्रतिभागियों को मिली जगह

अंबिकापुर। अनोखी सोच संस्था द्वारा आयोजित ‘अनोखी सोच डांस प्रतियोगिता 2025Ó का बहुप्रतीक्षित सीनियर एवं जूनियर सिंगल डांस सेमीफाइनल राउंड बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस राउंड में कुल 25-25 प्रतिभागियों ने मंच पर अपने शानदार नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर नृत्य का ऐसा रंग बिखरा कि तालियां बजाते दर्शक झूम उठे। प्रतिभागियों ने क्लासिकल, फ्रीस्टाइल, कंटेम्परेरी और बॉलीवुड जैसे विभिन्न नृत्य शैलियों में दमदार प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, भाव-प्रदर्शन, ताल-लय और मंचीय प्रभाव को आधार बनाते हुए निर्णय लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेमंत सिन्हा, हेमंत तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, चंद्रप्रताप सिंह, सुदामा कुर्रे, पंकज शुक्ला, विनय शर्मा, शैलू सोनी, बनारसी लाल गुप्ता, अतुल मेहता, भोलानाथ गुप्ता, लल्लू गुप्ता एवं उर्मिला सोनी रहे। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और संस्था के पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच मिलता है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सीनियर वर्ग से 8 एवं जूनियर वर्ग से 8 प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के दम पर फाइनल राउंड में जगह बनाई। सभी चयनित प्रतिभागियों का मंच पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में रमिन्दर कौर बाबरा, तनुदीप कौर बाबरा, श्वेता सिन्हा, मीरा साहु, लावण्या, रणविजय प्रताप सिंह एवं विनायक पांडेय उपस्थित रहे। सभी निर्णायकों ने चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि फाइनल राउंड में प्रतियोगिता का स्तर और भी ऊंचा होगा। संस्था के संयोजक ने बताया कि  अनोखी सोच डांस प्रतियोगिता का उद्देश्य नए नृत्य प्रतिभाओं को मंच देना और उन्हें प्रोत्साहन प्रदान करना है। सेमीफाइनल में युवाओं की ऊर्जा और जूनियर्स की लगन देखकर सभी गौरवान्वित हुए। अंत में संस्था की ओर से सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। फाइनल राउंड की तैयारी जोरों पर है, जो आज 4 नवंबर को होगी। दर्शक बेसब्री से उस शानदार शाम का इंतजार कर रहे हैं जब ‘डांस का जुनूनÓ अपने शिखर पर होगा। कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष सुर्यप्रकाश साहु ने मनोरंजक शैली में किया, जबकि संस्था के सदस्य अभय साहु, लालजी साहु एवं अन्य सभी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुड़े रहे ।

Spread the love