अंबिकापुर। जिला एवं सत्र न्यायालय अंबिकापुर के अधिवक्ताओं ने सोमवार को गुलाब कॉलोनी और कलेक्टोरेट परिसर में अनोखा प्रदर्शन करते हुए मकान में रहने वालों को गुलाब फूल भेंट किया और उनसे मकान खाली करने का विनम्र आग्रह किया। अधिवक्ताओं ने सरगुजा कलेक्टर को भी गुलाब फूल देकर अनुरोध किया कि वे अपने कर्मचारियों को मकान खाली करने का निर्देश जारी करें।
बता दें कि छह माह पूर्व गुलाब कॉलोनी को जिला एवं सत्र न्यायालय के नए भवन निर्माण के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन अब तक कॉलोनी खाली नहीं हो पाया है। इसी कारण सरगुजा कलेक्टर ने अंबिकापुर से लगभग 8 किलोमीटर दूर चठिरमा में नए न्यायालय भवन के लिए भूमि आवंटित कर दी थी, जिसका अधिवक्ता संघ ने विरोध किया था। इस संबंध में अधिवक्ताओं ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से भी शिकायत की है। शिकायत के बाद न्यायालय के समीप स्थित सरकारी आवास कॉलोनी को तोड़कर नए न्यायालय भवन निर्माण की योजना बनी, लेकिन छह माह से अधिक समय बीतने के बावजूद संबंधित कर्मचारियों ने मकान खाली नहीं किया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन की राह अपनाएंगे।
गुलाब कॉलोनी में कई न्यायालय कर्मचारी और अन्य अधिकारी निवासरत हैं। नए न्यायालय भवन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।  कलेक्टर ने चार दिनों भीतर कॉलोनी को खाली कराने का आश्वासन अधिवक्ताओं को दिया है।

Spread the love