दुर्गा पंडाल और स्टेडियम के पास खुलेआम बारूद का कारोबार
जरही/भटगांव। त्योहारों की रौनक के बीच जरही और भटगांव क्षेत्र में प्रशासन की लापरवाही साफ दिख रही है। दोनों इलाके में बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखों की दुकानें खुल गई हैं, यहां सुरक्षा का कोई मानक नहीं है, ऐसे में ये दुकानें किसी भी पल बड़े हादसे का कारक बन सकती हैं।
जरही में दुर्गा पूजा पंडाल के पास ही पटाखा की दुकानें संचालित हो रही हैं। पंडाल में रोज़ाना सैकड़ों श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचते हैं, उसी जगह बारूद भरा पड़ा है। न कोई फायर एक्सटिंग्विशर, न सेफ्टी इक्विपमेंट, ज़रा सी चिंगारी से बड़ी घटना की स्थिति बन सकती है। भटगांव स्टेडियम के आसपास भी पटाखा बिक्री का कारोबार जोरों पर है। यहां रोजाना बच्चे और युवा खेलकूद करते हैं, बगल में विस्फोटक का जखीरा है। यहां भी चिंगारी या लापरवाही से बड़ा धमाका होने का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकानों में फायर सेफ्टी के लिहाज से कोई व्यवस्था नहीं है। न फर्स्ट एड किट है, और न ही कोई आपातकालीन निकासी की व्यवस्था। दुकानदारों के पास एक्सप्लोसिव लाइसेंस तक नहीं होने का दावा किया जा रहा है, बावजूद इसके पटाखा की खुलेआम बिक्री चल रही है। आम नागरिकों ने प्रशासन की कार्यशैली को सवालों के घेरे में लिया है।

Spread the love