कॉम्बिंग गश्त करते गलियों तक पहुंची पुलिस, बेवजह घूमने वालों को समझाइश, गुंडा-बदमाशों को सख्त चेतावनी
अंबिकापुर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने देर रात पुलिस अधीक्षक सरगुजा शहर में निकले। इनके निर्देशन में पुलिस टीम ने कॉम्बिंग गस्त किया। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों तक पुलिस टीम ने पैदल गस्त कर आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का संदेश दिया। राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने मंगलवार को देर रात तक सघन सुरक्षा जांच अभियान जारी रखा। देर रात तक बेवजह घूम रहे युवकों को कॉम्बिग गस्त के दौरान पुलिस टीम ने कड़ी समझाइस दी, संदिग्ध युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस टीम द्वारा अभियान के तहत गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश की चेकिंग कर असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई।
जिले में सख्त कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए देर रात पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने स्वयं शहर की सड़कों पर निकलकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, साथ ही पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कॉम्बिग गस्त कर असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने एवं निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश की चेकिंग करने रवाना किया। पुलिस को गस्त के दौरान देर रात तक अकारण घूमते लोग भी मिले, इनसे कड़ी समझाइस देने के दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली पहुंच कर पुलिस टीम को ब्रीफ किया, साथ ही पुलिस टीम को देर रात तक खुले दुकानों कों बंद करवाकर संचालकों को कड़ी चेतावनी देने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने शहर के थाना चौक, महामाया चौक, संगम चौक, विजय मार्ग, जोड़ा पीपल रोड़, घड़ी चौक, शंकरघाट, लरंगसाय चौक, खरसिया नाका, बस स्टैंड का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। कॉम्बिग गस्त में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व मे निकले 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने शहर के संवेदनशील क्षेेत्रों तक पहुंच बनाई और असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई का संदेश दिया। पुलिस टीम द्वारा अभियान के तहत गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश की चेकिंग की गई एवं ऐसे बदमाशों को किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल होना पाए जाने ओर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस टीम द्वारा देर रात तक खुले हुए दुकानों के संचालकों को कड़ी समझाइस देते हुए समय पर दुकान बंद करने कहा गया। चौक-चौराहों में पुलिस टीम ने दोपहिया एवं चारपाहिया वाहनों की सघन चेकिंग की। वाहन चालकों से देर रात आने-जाने का कारण पूछा। वाहन चालकों द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों की अवहेलना करने पर चालानी कार्रवाई भी की गई। कॉम्बिग गस्त के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमित पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

You missed