इंटरनेट मीडिया में आपराधिक मानसिकता प्रदर्शित करने वालों के विरूद्ध पुलिस सख्त
अंबिकापुर। इंटरनेट मीडिया में इन दिनों रील बनाने का प्रचलन कुछ इस कदर हावी हुआ है कि बिना सोचे समझे युवा आपराधिक मानसिकता को सामने लाने में पीछे नहीं हैं। ऐसे ही मामले में पुलिस ने दो युवकों को जेल भेजा है। एक युवक को जब पुलिस लेकर केंद्रीय जेल में पहुंच रही थी, तो उसकी सारी हेकड़ी धरी रह गई और वह कुछ ऐसे विलाप कर रहा था, जैसे वह निर्दोष हो। इंटरनेट मीडिया में अपने अंदर की आपराधिक प्रवृत्ति को सामने लाने वाले इस मामले को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान में लिया और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अग्रिम कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली की पुलिस टीम को इनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने शातिर अपराधियों को खोज निकाला। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में पूर्व से आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। इनके द्वारा बरेजपारा और अग्रसेन वार्ड में आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम दिया गया है।
बता दें कि इंटरनेट मीडिया में दो युवकों ने ‘मारेंगे चाकू, निकलेगा खूनÓ जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए रील बनाकर पोस्ट किया था। धमकी भरे आपत्तिजनक कंटेंट सामने आने के बाद कई प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी। कानून व्यवस्था और अपराधियों पर खौफ नहीं, जैसी बातें होने लगी। वीडियो और गाली-गलौज करने वाले युवकों का रील कुछ ऐसा था, जिससे इनके आपराधिक मानसिकता की तस्वीर सामने आ रही थी। दोनों युवक सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और धमकी भरे रील्स बनाकर इंस्टाग्राम पर डालते थे। वायरल रील में युवक खुलेआम कह रहे हैं ‘मारेंगे चाकू, निकलेगा खूनÓ वहीं दूसरे रील में एक युवक ‘हमसे मोहब्बत नहीं करोगे तो अंजाम भुगतोगेÓ जैसे धमकी भरी टिप्पणी करते नजर आ रहा था। इंटरनेट मीडिया का उपयोग करने वालों की नजर जब ऐसे रील पर पड़ी तो वे हैरान रह गए, और मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू करके वीडियो बनाने वाले दोनों युवकों को पहचाना, और गिरफ्त में ली। इनमें से एक युवक का नाम अरशद उर्फ आशु पिता खुरम अंसारी निवासी बरेजपारा और दूसरा सैयद सैफ पिता सैयद सब्बी 19 वर्ष निवासी रसुलपुर है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद रील बनाने वाले दोनों युवकों को पुलिस का रोल देखने को मिला। पुलिस जब दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो इन्होंने सोशल मीडिया में खुद को फेमस होने के लिए ऐसा रील बनाना कबूल किया। पुलिस जब सैयद सैफ को लेकर सेंट्रल जेल पहुंची, तो उसकी हेकड़ी धरी रह गई, और वह रोते हुए खुद को छोड़ देने की मिन्नत करने लगा। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इंटरनेट मीडिया की पुलिस कर रही लगातार मॉनीटरिंग
पुलिस टीम इंटरनेट मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। इसका उदेश्य युवकों को एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना और आपराधिक किस्म के व्यक्तियों को सबक सिखा इन्हे रोल मॉडल की तरह विकसित नहीं होने देना है। युवाओं को यह भी बताने की कोशिश पुलिस कर रही है कि गलत रास्ते का अंजाम बुरा ही होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल से युवाओं को सही दिशा में जाने एवं अच्छा भविष्य बनाकर देशहित के लिए कार्य करने का आग्रह किया है। उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामले में मोटरव्हीकल एक्ट एवं अन्य सुसंगत धारा के तहत स्वजन भी दोषी होंगे, इससे आगाह कराया है। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन करने पर मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
इन अपराधों में शातिर आरोपियों की रही संलिप्तता
फोटो-दो पासपोर्ट
गिरफ्त में आए युवक हिमांशु गोयल निवासी बरेजपारा के यहां बाउंड्री के अंदर से बोरिंग के मोटर का तार निकालने की कोशिश के भी आरोपी हैं। दोनों युवक जान से मारने की धमकी देकर गालीगलौज करते हुए उन पर ईंट से हमला किए थे, जिसमें वे घायल हो गए थे। मामले में थाना कोतवाली में धारा 333, 296, 351(3), 115(2), 3(5) का अपराध सैयद सैफ पिता सैयद सब्बी के विरूद्ध पंजीबद्ध है। वहीं संजय गोयल निवासी अग्रसेन वार्ड से मारपीट और चाकू लहराकर जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने के मामले में अरशद उर्फ आशु पिता खुरम अंसारी निवासी बरेजपारा शामिल रहा है। इसके विरूद्ध थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 115(2), 305, 331 (4), 238 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक जगसाय मरकाम, आरक्षक लालभुवन सिंह, संतोषी पाण्डेय, सचिन सिन्हा, जगेश्वर मरकाम सक्रिय रहे।

Spread the love