प्राचार्य पर लगे गंभीर आरोप, मामला गुरुकृपा पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट से जुड़ा
अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित गुरुकृपा पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के प्राचार्य दीपांकर दत्ता पर छात्रों को बंधक बनाकर मारपीट करने और मोबाइल फोन छीनने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ितों की शिकायत पर प्राचार्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2020 बैच के छात्रों ने डीएमएलटी कोर्स की परीक्षा दी थी। छात्रों को पहले मध्य प्रदेश के शहडोल ले जाने की बात कही गई थी, बाद में उन्हें 200 किलोमीटर दूर नरसिंहपुर भेजा गया। परीक्षा दिए हुए तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक छात्रों को प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया। इससे नाराज़ छात्र कई महीनों से संस्थान का चक्कर काट रहे हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को तीन छात्र-छात्राएं प्रमाणपत्र के लिए इंस्टीट्यूट पहुंचे थे। इस दौरान छात्र मुकेश राजवाड़े ने प्राचार्य के द्वारा दिए जा रहे आश्वासन का वीडियो बनाना शुरू किया। प्राचार्य को जब इसकी भनक लगी तो वे आवेशित हो गए और गुस्से में आकर छात्रों को बंधक बना लिया, इनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। करीब डेढ़ घंटे तक छात्रों को बंधक बनाए रखने और जबरन उनके फोन से ऑडियो-वीडियो डिलीट कराने का आरोप है। छात्रों ने अपने परिचितों को मामले की सूचना दी, और गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के संज्ञान में मामला आया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, और 20 मिनट तक चले मशक्कत के बाद छात्रों को आजाद कराते हुए इनका बयान थाने में दर्ज किया गया है। सूरजपुर जिला के ग्राम तिलसिवां भटगांव निवासी छात्र मुकेश राजवाड़े की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 127 (2), 115 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

Spread the love